राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस पर रक्तवीरों का सम्मान, शिविर में 30 यूनिट रक्तदान

राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस पर रक्तवीरों का सम्मान, शिविर में 30 यूनिट रक्तदान
Spread the love

देहरादून। राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस के अवसर पर स्टेट ब्लड ट्रांसफ्यूजन काउंसिल, स्वास्थ्य विभाग उत्तराखण्ड सरकार की ओर से देहरादून स्थित राष्ट्रीय दृष्टि दिव्यांगजन सशक्तिकरण संस्थान (एनआईईपीवीडी), राजपुर रोड में कार्यक्रम आयोजित किया गया। उत्तराखंड राज्य एड्स नियंत्रण समिति के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने, नियमित रक्तदान को प्रोत्साहित करने और रक्तदाताओं के योगदान को सम्मान देने पर जोर दिया गया।

कार्यक्रम में विभिन्न महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं, स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों, पत्रकारों तथा उत्तराखंड राज्य एड्स नियंत्रण समिति के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने प्रतिभाग किया। वक्ताओं ने कहा कि दुर्घटना, गंभीर बीमारी, शल्य चिकित्सा और अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में समय पर रक्त उपलब्ध होना मरीज के लिए जीवनरक्षक साबित होता है। ऐसे में स्वैच्छिक रक्तदाताओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।

स्टेट ब्लड ट्रांसफ्यूजन काउंसिल के निदेशक डॉ. अमित शुक्ला ने रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि समाज में स्वैच्छिक रक्तदान को लेकर जागरूकता बढ़ाना समय की आवश्यकता है। नियमित रक्तदान से अस्पतालों में रक्त की उपलब्धता बनाए रखने में मदद मिलती है और जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सकता है। उन्होंने स्वस्थ एवं पात्र लोगों से स्वेच्छा से रक्तदान करने और अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की।

कार्यक्रम के अंतर्गत रक्तकोष, दून चिकित्सालय के सहयोग से स्वैच्छिक रक्तदान शिविर भी आयोजित किया गया। शिविर में रक्तदाताओं ने उत्साह के साथ भाग लिया और लगभग 30 यूनिट रक्तदान किया। एकत्रित रक्त का उपयोग जरूरतमंद मरीजों के उपचार में किया जाएगा। शिविर के माध्यम से लोगों को नियमित रक्तदान के लिए आगे आने का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर स्वैच्छिक रक्तदान के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली स्वयंसेवी संस्थाओं और नियमित रक्तदाताओं को सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि रक्तदाताओं और संस्थाओं की सेवा भावना समाज के अन्य लोगों को भी रक्तदान के लिए प्रेरित करती है।

कार्यक्रम के समापन पर डॉ. अमित शुक्ला ने रक्तदाताओं, स्वयंसेवी संस्थाओं तथा रक्तकोष, दून चिकित्सालय की टीम का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान मानव सेवा का सशक्त माध्यम है और प्रत्येक स्वस्थ एवं पात्र व्यक्ति को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए, ताकि जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सके। उन्होंने रक्तदान को जनभागीदारी का अभियान बनाने की अपील की।

देवभूमि खबर

Related articles