HTML tutorial
HTML tutorial

मुख्यमंत्री के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की बड़ी कार्रवाई , शराब सेवन कर दुर्घटना करने वाले डॉ. मो. शाह हसन तत्काल निलंबित, निष्पक्ष जांच के आदेश

मुख्यमंत्री के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की बड़ी कार्रवाई , शराब सेवन कर दुर्घटना करने वाले डॉ. मो. शाह हसन तत्काल निलंबित, निष्पक्ष जांच के आदेश
Spread the love

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के स्पष्ट निर्देश पर उत्तराखंड स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए जनपद चमोली के प्रभारी अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मो. शाह हसन को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई उस घटना के बाद की गई है, जिसमें डॉ. हसन ने रुद्रप्रयाग के तिलणी क्षेत्र में शराब सेवन की अवस्था में स्कॉर्पियो वाहन से दो बाइक सवारों को टक्कर मार दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।

स्वास्थ्य विभाग को 3 अगस्त 2025 को प्राप्त रिपोर्ट में शराब सेवन का स्पष्ट उल्लेख किया गया था। रिपोर्ट के आधार पर यह आचरण उत्तराखंड राज्य कर्मचारियों की आचरण नियमावली 2002 का गंभीर उल्लंघन पाया गया। मामले को अत्यंत गंभीर मानते हुए उत्तराखंड अपील एवं अनुशासन नियमावली 2003 के नियम-4 के तहत राज्यपाल की स्वीकृति प्राप्त कर डॉ. हसन को निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि में उन्हें रुद्रप्रयाग मुख्यालय पर पदस्थापित रखा गया है, जहां से वे विभागीय जांच में सहयोग करेंगे।

स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, अनुशासन और जवाबदेही को सर्वोच्च प्राथमिकता पर रखा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सेवा नैतिकता और अनुशासन में किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यह घटना न केवल पीड़ित परिवारों के लिए दुःखद है, बल्कि पूरे स्वास्थ्य तंत्र की साख को भी ठेस पहुंचाने वाली है। सरकार की नीति जीरो टॉलरेंस की है और इस मामले में भी कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

स्वास्थ्य सचिव ने कहा कि शासन की प्रतिबद्धता केवल बेहतर इलाज तक सीमित नहीं है, बल्कि सेवा व्यवस्था में जनता का भरोसा बनाए रखने की भी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस मामले में निष्पक्ष, पारदर्शी और शीघ्र जांच सुनिश्चित की जाएगी। यदि आरोप प्रमाणित होते हैं तो नियमानुसार कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी ताकि स्वास्थ्य विभाग में उत्तरदायित्व और पारदर्शिता कायम रह सके।

देवभूमि खबर

Related articles