रिश्वत लेते ऑर्थोपेडिक सर्जन रंगे हाथ गिरफ्तार, दिव्यांगता प्रमाणपत्र के नाम पर मांगे थे ₹5 हजार
देहरादून।सतर्कता विभाग के टोल फ्री नंबर 1064 पर प्राप्त शिकायत के आधार पर सतर्कता विभाग ने कार्रवाई करते हुए जनपद रुद्रप्रयाग के जिला अस्पताल में कार्यरत ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉ. अंकुर ठाकुर को ₹5 हजार की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
सतर्कता विभाग के अनुसार शिकायतकर्ता ने टोल फ्री नंबर 1064 पर शिकायत दर्ज कराई थी कि जिला अस्पताल रुद्रप्रयाग में कार्यरत ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉ. अंकुर ठाकुर द्वारा दिव्यांगता प्रमाणपत्र बनवाने के एवज में उससे ₹5 हजार की रिश्वत की मांग की जा रही है। शिकायत प्राप्त होने के बाद विभाग द्वारा मामले की जांच की गई। जांच में शिकायत सही पाए जाने पर पुलिस अधीक्षक, सतर्कता सेक्टर देहरादून द्वारा ट्रैप टीम का गठन किया गया।
सतर्कता विभाग की ट्रैप टीम ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत करने के बाद 29 सितंबर 2026 को जिला अस्पताल रुद्रप्रयाग में कार्रवाई की। इस दौरान ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉ. अंकुर ठाकुर को शिकायतकर्ता से ₹5 हजार की रिश्वत ग्रहण करते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया।
सतर्कता विभाग द्वारा मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
