वायरल धमकी वीडियो मामले में पौड़ी पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आरोपी की हुई पहचान

वायरल धमकी वीडियो मामले में पौड़ी पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आरोपी की हुई पहचान
Spread the love

पौड़ी। सोशल मीडिया पर जान से मारने की धमकी से संबंधित एक वीडियो वायरल होने के मामले में पौड़ी पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए प्रकरण का संज्ञान लिया। दिनांक 08.02.2026 को दीपक कुमार निवासी कोटद्वार द्वारा कोतवाली कोटद्वार में शिकायती प्रार्थना पत्र दिया गया, जिसमें बताया गया कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से उन्हें जान से मारने तथा ₹02 लाख का इनाम देने की धमकी दी गई है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पौड़ी पुलिस द्वारा तत्काल मुकदमा दर्ज कर त्वरित कार्रवाई प्रारंभ की गई। तकनीकी साक्ष्यों एवं आवश्यक सूचनाओं के आधार पर की गई जांच में सोशल मीडिया पर उक्त आपत्तिजनक पोस्ट प्रसारित करने वाले युवक की पहचान उत्कर्ष कुमार निवासी मोतीहारी, बिहार के रूप में हुई। इसके पश्चात पौड़ी पुलिस द्वारा बिहार पुलिस से समन्वय स्थापित करते हुए त्वरित कार्रवाई की गई और बिहार पुलिस के सहयोग से युवक को नजदीकी थाने लाकर पूछताछ की गई।

पूछताछ के दौरान युवक ने स्वीकार किया कि सोशल मीडिया पर उसके फॉलोवर नहीं बढ़ रहे थे और दीपक नामक व्यक्ति सोशल मीडिया पर ट्रेंड कर रहा था, इसी कारण उसने केवल अपने सोशल मीडिया चैनल की व्यूज एवं रीच बढ़ाने के उद्देश्य से उक्त धमकी भरा वीडियो पोस्ट किया था।

युवक ने यह भी बताया कि वीडियो में व्यक्त की गई जान से मारने की धमकी का किसी भी प्रकार का वास्तविक आपराधिक आशय नहीं था। इस प्रकरण में पौड़ी पुलिस द्वारा आरोपी के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

देवभूमि खबर

Related articles