दून पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़, एक घायल सहित दो गिरफ्तार

दून पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़, एक घायल सहित दो गिरफ्तार
Spread the love

देहरादून।  “ऑपरेशन प्रहार” के तहत देर रात्रि थाना बसंत विहार क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। सघन चेकिंग के दौरान हरबंशवाला बैरियर पर बिना नंबर प्लेट की स्कूटी सवार दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वे पुलिस बैरियर तोड़कर फरार हो गए।

पुलिस टीम द्वारा पीछा किए जाने पर बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को घेरकर गिरफ्तार कर लिया। घायल बदमाश को तुरंत उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

घटनास्थल से पुलिस ने दो अवैध देशी तमंचे (.315 बोर), जिंदा व खोखा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त स्कूटी बरामद की है। सूचना मिलते ही एसएसपी देहरादून और एसपी सिटी मौके पर पहुंचे तथा घटना का निरीक्षण कर अधिकारियों से जानकारी ली। फील्ड यूनिट द्वारा साक्ष्य भी एकत्र किए गए।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान अब्दुल्ला पुत्र गुलाम मोहम्मद निवासी सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) और शाहनवाज सलमानी पुत्र खुर्शीद अहमद के रूप में हुई है। अब्दुल्ला एक शातिर अपराधी है, जिसके खिलाफ सहारनपुर, मेरठ और गाजियाबाद में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना बसंत विहार में धारा 109/3(5) बीएनएस एवं 3/25/27 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि ऑपरेशन प्रहार के तहत अपराधियों के खिलाफ सख्त अभियान आगे भी जारी रहेगा।

देवभूमि खबर

Related articles