HTML tutorial
HTML tutorial

देहरादून में जिला योजना समिति सामान्य निर्वाचन-2026 संपन्न, 27 सदस्य निर्विरोध निर्वाचित

देहरादून में जिला योजना समिति सामान्य निर्वाचन-2026 संपन्न, 27 सदस्य निर्विरोध निर्वाचित
Spread the love

देहरादून। जनपद देहरादून में जिला योजना समिति सामान्य निर्वाचन-2026 की प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गई। 16 अक्टूबर को मतदान एवं मतगणना पूरी होने के बाद शनिवार को जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आशीष चौहान तथा महापौर सौरभ थपलियाल ने नवनिर्वाचित सदस्यों को जीत के प्रमाण पत्र वितरित किए और उन्हें शुभकामनाएं दीं।

जिला योजना समिति के चुनाव में ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में निर्विरोध निर्वाचन के साथ प्रतिस्पर्धात्मक मुकाबले भी देखने को मिले। जिला पंचायत के सभी 10 प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्रों और नगर निगम देहरादून की सभी 15 सीटों पर सदस्य निर्विरोध निर्वाचित हुए। वहीं, विकासनगर, हरबर्टपुर और सेलाकुई के संयुक्त प्रादेशिक क्षेत्र की एक सीट पर भी निर्विरोध निर्वाचन हुआ।

नगर निगम ऋषिकेश की दो सीटों तथा नगर पालिका परिषद डोईवाला और मसूरी की एक-एक सीट पर मतदान के बाद सदस्यों का निर्वाचन हुआ। नगर निगम देहरादून की 15 सीटों पर निर्विरोध निर्वाचित सदस्यों में रविन्द्र सिंह, भूपेन्द्र सिंह कठैत, नंदिनी शर्मा, संतोख सिंग नागपाल, वैभव अग्रवाल, सतीश कश्यप, विमल चन्द उनियाल, कपिल धर, आलोक कुमार, संजीत कुमार बंसल, पूजा नेगी, अमिता सिंह, मीनाक्षी मौर्या, प्रवीन सिंह नेगी और अशोक डोबरियाल शामिल हैं।

जिला पंचायत क्षेत्र की 10 सीटों पर अमिता राज, खुशबू गुरुंग, गोविन्द सिंह, दीवान सिंह, पिंकी रोहिला, रश्मि देवी, विजयलक्ष्मी, विनिता रतूड़ी, संजय किशोर और हुकम चन्द्र निर्विरोध निर्वाचित हुए। विकासनगर, सेलाकुई और हरबर्टपुर के संयुक्त प्रादेशिक क्षेत्र से एल. शर्मा निर्विरोध निर्वाचित हुए।

मतदान के बाद नगर निगम ऋषिकेश से राजेन्द्र सिंह बिष्ट और संध्या बिष्ट, नगर पालिका परिषद डोईवाला से रियायत अली तथा मसूरी से पवन भलवाल निर्वाचित हुए।

प्रमाण पत्र वितरण कार्यक्रम में जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने कहा कि जनपद के संतुलित और समग्र विकास में जिला योजना समिति की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने नवनिर्वाचित सदस्यों से जनसमस्याओं के समाधान के साथ दूरगामी विकास योजनाओं के प्रस्ताव तैयार करने और विकास कार्यों में सक्रिय योगदान देने की अपील की।

महापौर सौरभ थपलियाल ने नगर निगम देहरादून की सभी 15 सीटों पर निर्विरोध निर्वाचन पर सदस्यों को बधाई देते हुए कहा कि नगर निगम क्षेत्र में बिना किसी भेदभाव के विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, संयुक्त मजिस्ट्रेट हर्षिता सिंह, उपजिलाधिकारी अपूर्वा सिंह और जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार सहित कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

देवभूमि खबर

Related articles