उत्तराखंड की रजत जयंती समारोह की तैयारियां तेज -राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री होंगे मुख्य अतिथि, जिलाधिकारी ने की व्यवस्थाओं की समीक्षा
देहरादून। देवभूमि उत्तराखंड अपनी स्थापना के 25 वर्ष पूरे करने जा रहा है। इस ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण अवसर पर राजधानी देहरादून में आयोजित रजत जयंती समारोह में राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे।
इस अवसर पर राज्य के स्थापना संग्राम की झलक, लोक संस्कृति की झंकार और नए संकल्पों की दिशा देखने को मिलेगी। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी सविन बंसल ने मजिस्ट्रेटों के साथ अहम बैठक की और सभी व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि राष्ट्रपति के कार्यक्रम के लिए निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। वहीं प्रधानमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम के लिए रूट चार्ट के अनुसार राज्य के स्थापना संग्राम, लोक संस्कृति और आधुनिक विकास उपलब्धियों का प्रदर्शन किया जाए।
उन्होंने सिटी मजिस्ट्रेट को निर्देशित किया कि प्रस्तावित कार्यक्रम के प्रत्येक जोन को सेक्टर में विभाजित करते हुए अधिकारियों व कार्मिकों की जिम्मेदारी माइक्रो लेवल पर तय की जाए। सभी सेक्टरों के लिए प्रभारी अधिकारी नामित कर ड्यूटी आदेश तुरंत जारी किए जाएं। सुरक्षा की दृष्टि से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के माध्यम से पुलिस अधिकारियों की नियुक्ति और स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए एंबुलेंस व चिकित्सक टीम की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
जिलाधिकारी ने कार्यक्रम स्थल पर मुख्य पंडाल, मंच, वीआईपी एवं आम जनता के बैठने की व्यवस्था, जलपान, पेयजल, पार्किंग, प्रवेश और निकास मार्गों की व्यवस्था के साथ कंट्रोल रूम स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लोनिवि इंजीनियर कार्यक्रम स्थल का डिजाइन, लेआउट और सेफ्टी सर्टिफिकेट सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने बताया कि रजत जयंती समारोह में जनपदों से बाहर के लोग भी भाग लेंगे, इसलिए सभी जिलों के साथ समन्वय स्थापित कर आवास और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की जाए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, अपर जिलाधिकारी के.के. मिश्रा, सिटी मजिस्ट्रेट प्रत्यूष सिंह, एसडीएम सदर हरिगिरी, एसडीएम कुमकुम जोशी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
