तृतीय प्रवासी उत्तराखण्डी दिवस सम्मेलन की तैयारियों को लेकर प्रमुख सचिव ने की बैठक, 13 नवंबर को होगा आयोजन

देहरादून। प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु की अध्यक्षता में बुधवार को सचिवालय में तृतीय प्रवासी उत्तराखण्डी दिवस सम्मेलन-2026 की तैयारियों के संबंध में गठित समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सम्मेलन के सफल आयोजन, व्यापक प्रचार-प्रसार और देश-विदेश में रह रहे प्रवासी उत्तराखण्डियों की सहभागिता सुनिश्चित करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। प्रमुख सचिव ने सम्मेलन को अंतरराष्ट्रीय स्तर के अनुरूप, युवा-केंद्रित और नवाचारपूर्ण स्वरूप में आयोजित करने के निर्देश दिए, ताकि आयोजन अपनी विशिष्ट पहचान बना सके।
प्रमुख सचिव ने कहा कि देश के विभिन्न राज्यों और शहरों में रहकर अलग-अलग क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य कर रहे प्रवासी उत्तराखण्डियों को चिह्नित कर सम्मेलन में आमंत्रित किया जाए। सम्मेलन के माध्यम से प्रवासियों के साथ सार्थक संवाद स्थापित करने के साथ ही राज्य के विकास में उनके अनुभवों, सुझावों और योगदान का लाभ लेने के प्रयास किए जाएं। उन्होंने आयोजन को राज्य की विकास यात्रा से प्रवासियों को जोड़ने का प्रभावी मंच बनाने पर भी जोर दिया।
बैठक में बताया गया कि तृतीय प्रवासी उत्तराखण्डी दिवस सम्मेलन के लिए पंजीकरण प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। सम्मेलन का आयोजन 13 नवंबर को देहरादून स्थित दून विश्वविद्यालय के नित्यानंद ऑडिटोरियम में किया जाएगा। प्रमुख सचिव ने संबंधित अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर सम्मेलन की विस्तृत रूपरेखा अंतिम रूप से तैयार करने तथा तैयारियों की प्रगति के संबंध में तीन से चार दिन के भीतर अद्यतन जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने आमंत्रित अतिथियों की पहचान करने के साथ उनके आवागमन, परिवहन, वाहनों, ठहरने और भोजन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। इसके अलावा उद्घाटन सत्र, विभिन्न विषयगत सत्रों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन से संबंधित सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए।
सम्मेलन के दौरान राज्य सरकार के विकास कार्यों, विभिन्न योजनाओं और नीतियों पर आधारित लघु फिल्मों का प्रसारण भी किया जाएगा। इसके माध्यम से प्रवासी उत्तराखण्डियों को राज्य में हो रहे विकास कार्यों तथा विभिन्न क्षेत्रों में संचालित पहलों की जानकारी दी जाएगी। प्रमुख सचिव ने संबंधित विभागों को आवश्यक पत्राचार कर आपसी समन्वय के साथ सभी तैयारियां निर्धारित समयसीमा में पूरी करने के निर्देश दिए।
बैठक में सचिव शैलेश बगौली, विनोद कुमार सुमन, सी. रविशंकर और राजेंद्र कुमार, दून विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. सुरेखा डंगवाल, देहरादून के मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, उत्तराखण्ड प्रवासी प्रकोष्ठ के सदस्य सुधीर चन्द्र नौटियाल, उपनिदेशक सूचना बद्री चंद सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


