प्रधानमंत्री मोदी के ऐतिहासिक कार्यकाल पर उत्तराखंड में होंगे जनकल्याण और जनजागरूकता कार्यक्रम: मुख्यमंत्री धामी
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रधानमंत्री के देश के सबसे अधिक कार्यकाल वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने के ऐतिहासिक अवसर पर प्रदेशभर में जनसंपर्क, जनजागरूकता एवं जनकल्याण कार्यक्रमों का व्यापक आयोजन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों तथा जनहितकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रभावी कार्यक्रम आयोजित किए जाएं।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि 12 से 14 जून तक पूरे प्रदेश में अचीवमेंट एग्जीबिशन का आयोजन किया जाए। इन प्रदर्शिनियों में केंद्र एवं राज्य सरकार की प्रमुख उपलब्धियों, विकास परियोजनाओं, जनकल्याणकारी योजनाओं और महत्वपूर्ण निर्णयों को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया जाएगा, ताकि आमजन सरकार की विकास यात्रा से परिचित हो सकें।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक विकासखंड स्तर पर जनकल्याण शिविर आयोजित किए जाएं। इन शिविरों में आयुष्मान भारत, पीएम सूर्य घर योजना, लखपति दीदी सहित विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों और आम नागरिकों से संवाद स्थापित किया जाएगा। साथ ही पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने और जनसमस्याओं के समाधान पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने 12 जून को सभी जनपदों में जिला स्तरीय प्रेस वार्ताएं आयोजित करने के निर्देश भी दिए हैं। इन प्रेस वार्ताओं के माध्यम से केंद्र एवं राज्य सरकार की उपलब्धियों, विकास कार्यों तथा प्रस्तावित कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी मीडिया के माध्यम से जनता तक पहुंचाई जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों को केंद्र एवं राज्य सरकार की उपलब्धियों पर आधारित तथ्यपरक और जनोपयोगी प्रस्तुतीकरण तैयार करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि इसे विभिन्न माध्यमों से आम जनता तक पहुंचाया जाए, ताकि लोग योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी आसानी से प्राप्त कर सकें।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि प्रभारी मंत्री अपने-अपने जिलों और क्षेत्रों में संवाद कार्यक्रम आयोजित करेंगे। इन कार्यक्रमों में सरकार की योजनाओं, उपलब्धियों और विकास कार्यों की जानकारी देने के साथ जनप्रतिनिधियों, प्रबुद्धजनों और विभिन्न वर्गों के लोगों से संवाद स्थापित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन, आधारभूत संरचना, जनकल्याण और वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार भी प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में जनहित और विकास के संकल्पों को तेजी से आगे बढ़ा रही है।

