हुनरमंद कभी भूखा नहीं मरता : कंचन चंदोला
नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल में कुमाऊँ मंडल विकास निगम द्वारा संचालित रोपवे सेवा में वर्षों तक ऑपरेटर पद पर संविदा कर्मचारी के रूप में कार्यरत रहे भगवान शाह सेवानिवृत्त हो गए।
इस अवसर पर कुमाऊँ मंडल विकास निगम के महाप्रबंधक विजय नाथ शुक्ल तथा कर्मचारी महासंघ के कार्यकारी अध्यक्ष कंचन चन्दोला द्वारा भगवान शाह को उनके सेवाकाल के लिए शुभकामनाएं दी गईं।
कंचन चन्दोला ने कहा कि — “जिसके पास हुनर है वह किसी भी कोने में चला जाए, भूखा नहीं रह सकता” — भगवान शाह इसका जीवंत उदाहरण हैं। उन्होंने अफसोस जताया कि इतने वर्षों की सेवा के बावजूद कर्मचारियों को नियमित नहीं किया गया, जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि संविदा कर्मचारियों के नियमितीकरण के लिए आर-पार की लड़ाई लड़ी जाए और इस मुद्दे को प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के समक्ष भी उठाया जाएगा।
इस अवसर पर कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों और सदस्यों ने भी भगवान शाह के सेवानिवृत्त होने पर उनके बेहतर भविष्य की कामना की और आश्वस्त किया कि संघ सदैव उनके साथ खड़ा रहेगा। कार्यक्रम में संतोष पंत, शिवम शर्मा, भगत सिंह, अजय अज्जू, भूपेंद्र सिंह, देवेंद्र बिष्ट, हरीश पांडे, रवि पवार, भारत चन्दोला, दीपक जोशी, मोहन जोशी, बहादुर सिंह, श्री उपाध्याय, मुकुल जोशी, मुन्नी देवी, जितेन कुमार, रितिक सहित दर्जनों कर्मचारी उपस्थित रहे।

