देहरादून और हल्द्वानी मेडिकल कॉलेजों में तीमारदारों के लिए बनेंगे विश्राम गृह, एमओयू पर हुए हस्ताक्षर

देहरादून और हल्द्वानी मेडिकल कॉलेजों में तीमारदारों के लिए बनेंगे विश्राम गृह, एमओयू पर हुए हस्ताक्षर
Spread the love

देहरादून।मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी* की उपस्थिति में बुधवार को सचिवालय में राजकीय दून मेडिकल कॉलेज, राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी एवं सेवादान आरोग्य संस्था के बीच एक महत्वपूर्ण एम.ओ.यू. (समझौता ज्ञापन) पर हस्ताक्षर किए गए। यह समझौता मेडिकल कॉलेज परिसरों में भर्ती मरीजों के परिजनों के लिए विश्राम गृह (रैन बसेरे) निर्माण से संबंधित है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक मानवोचित व समर्पित बनाएगी। विश्राम गृहों के बनने से मरीजों के साथ आने वाले परिजनों को ठहरने में सुविधा मिलेगी और उन्हें रात में विश्राम के लिए सुरक्षित स्थान मिल सकेगा।

मुख्यमंत्री धामी ने सेवादान आरोग्य संस्था से अनुरोध किया कि किच्छा स्थित एम्स सैटेलाइट सेंटर में भी इस प्रकार की व्यवस्था की जाए, जिस पर संस्था ने सहमति जताई।

350 बिस्तरों की क्षमता, रियायती दरों पर सुविधा सेवादान आरोग्य फाउंडेशन द्वारा दोनों मेडिकल कॉलेजों में 350 बिस्तरों की क्षमता वाले विश्राम गृहों का निर्माण किया जाएगा। विश्राम गृह में रात्रि विश्राम हेतु:

  • ₹55 प्रति बिस्तर,
  • दो बिस्तरों वाला कक्ष ₹300 प्रति रात्रि
  • नाश्ता ₹20 तथा भोजन ₹35 में उपलब्ध होगा।

विश्राम गृहों का संचालन एवं रख-रखाव सेवादान आरोग्य फाउंडेशन द्वारा किया जाएगा। इसके लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज देहरादून द्वारा 1750 वर्गमीटर तथा राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी द्वारा 1400 वर्गमीटर भूमि उपलब्ध कराई जाएगी। यह एम.ओ.यू. आगामी 20 वर्षों तक प्रभावी रहेगा।

समारोह में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, सचिव स्वास्थ्य डॉ. आर. राजेश कुमार, सचिव श्री विनय शंकर पाण्डेय, निदेशक चिकित्सा शिक्षा डॉ. आशुतोष सयाना तथा सेवादान आरोग्य संस्था से श्री अभिषेक सक्सेना, श्री आनंद सिंह बिसेन एवं श्री अमित दास उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles