रायपुर में बुजुर्ग महिला से लूट का 12 घंटे में खुलासा, नगर निगम कर्मी बनकर वारदात करने वाले 2 आरोपी गिरफ्तार

रायपुर में बुजुर्ग महिला से लूट का 12 घंटे में खुलासा, नगर निगम कर्मी बनकर वारदात करने वाले 2 आरोपी गिरफ्तार
Spread the love

देहरादून।देहरादून के रायपुर क्षेत्र में बुजुर्ग महिला को बंधक बनाकर दिनदहाड़े हुई लूट की सनसनीखेज वारदात का दून पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने नगर निगम कर्मचारी बनकर घर में घुसकर लूट करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटी गई पूरी संपत्ति बरामद कर ली है।

एसपी ग्रामीण जया बलूनी ने बताया कि रायपुर क्षेत्र में बुजुर्ग महिला को बंधक बनाकर हुई लूट की घटना का दून पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर सफल खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई सोने की बालियां, अंगूठी, मोबाइल फोन और तीन हजार रुपये नकद समेत शत-प्रतिशत सामान बरामद कर लिया है।

पुलिस के अनुसार 19 जुलाई को गढ़वाली कॉलोनी निवासी गीता काला ने थाना रायपुर में शिकायत दर्ज कराई कि उनकी मां भुवनेश्वरी देवी घर में अकेली थीं। इसी दौरान दो युवक खुद को नगर निगम का कर्मचारी बताकर घर में घुसे, बुजुर्ग महिला के साथ मारपीट की और उन्हें बंधक बनाकर सोने के कुंडल, अंगूठी, तीन हजार रुपये नकद और मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए।

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने करीब 65 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने, सुरागरसी और मुखबिर तंत्र की मदद से 20 जुलाई को सीक्यूआई जंगल, रायपुर क्षेत्र से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सागर सिंह रावत और अंकित गुप्ता के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे प्लंबर का काम करते हैं और नशे के आदी हैं। मुख्य आरोपी सागर पीड़िता के मोहल्ले का ही रहने वाला है और उसे पता था कि बुजुर्ग महिला अक्सर घर में अकेली रहती हैं। इसी जानकारी का फायदा उठाकर दोनों ने नगर निगम कर्मचारी बनकर घर में प्रवेश किया और लूट की वारदात को अंजाम दिया।

एसपी ग्रामीण जया बलूनी ने बताया कि आरोपी लूटे गए सामान को बेचने की फिराक में थे, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पुलिस टीम की त्वरित कार्रवाई से घटना का सफल अनावरण कर शत-प्रतिशत माल बरामद कर लिया गया है।

देवभूमि खबर

Related articles