रुद्रपुर: मेडिकल कॉलेज निर्माण कार्यों की समीक्षा, जून 2026 तक अनिवार्य रूप से पूरा करने के निर्देश

रुद्रपुर।मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी ने विकास भवन कार्यालय में मेडिकल कॉलेज के निर्माण कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने कार्यदायी संस्था को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि सभी कार्यों की टाइमलाइन निर्धारित कर उन्हें समय पर पूर्ण करना सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, हर 15 दिन में प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य, मुख्य चिकित्साधिकारी एवं पेयजल निगम के परियोजना प्रबंधक द्वारा हर सप्ताह कार्यों की समीक्षा व मॉनिटरिंग किए जाने के भी निर्देश दिए गए।
सीडीओ ने कहा कि मेडिकल कॉलेज माननीय मुख्यमंत्री का ड्रीम प्रोजेक्ट है और अगले सत्र से ही कॉलेज प्रारम्भ किया जाना सुनिश्चित किया गया है। इसलिए कार्यदायी संस्था श्रमिकों की संख्या बढ़ाकर निर्माण कार्यों में तेजी लाए। उन्होंने निर्देश दिए कि जून 2026 तक ब्लॉक A में एकेडमिक ब्लॉक, दो हॉस्टल, लेक्चर थिएटर, मैस और डाइनिंग हॉल हर हाल में पूर्ण कर लिए जाएं।
साथ ही, सभी भवनों में विद्युत व्यवस्था, लिफ्ट आदि सुविधाएं भी तय समय में स्थापित की जाएं ताकि नेशनल मेडिकल काउंसिल (NMC) के निरीक्षण के बाद नए सत्र का संचालन शुरू कराया जा सके।
समीक्षा बैठक के पश्चात सीडीओ ने पेयजल निगम, मेडिकल कॉलेज टीम और मुख्य चिकित्साधिकारी के साथ निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यों की गति बढ़ाने और निर्माण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। मुख्य चिकित्साधिकारी और प्राचार्य को कार्य प्रगति की नियमित मॉनिटरिंग करने को कहा गया।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. के.के. पाल, परियोजना प्रबंधक पेयजल निगम नरेन्द्र नवानी, सहायक अभियंता सुभाष चन्द्र भट्ट, अपर सहायक अभियंता रंजीत आर्या सहित संबंधित कांट्रेक्टर मौजूद रहे।
