रुद्रपुर में पर्यटन स्वरोजगार एवं होमस्टे योजनाओं के आवेदकों के साक्षात्कार सम्पन्न

Spread the love

रुद्रपुर।बेरोजगार युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से सरकार द्वारा चलाई जा रही वीर चंद्र सिंह गढ़वाली पर्यटन स्वरोजगार योजना और दीन दयाल उपाध्याय गृह आवास (होमस्टे) योजना के अंतर्गत मंगलवार को विकास भवन सभागार रुद्रपुर में साक्षात्कार आयोजित किए गए। साक्षात्कार की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी ने की।

जिला पर्यटन विकास अधिकारी लता बिष्ट ने जिला स्तरीय स्क्रीनिंग/चयन समिति के समक्ष वीर चंद्र सिंह गढ़वाली योजना के 04 आवेदन तथा दीन दयाल उपाध्याय होमस्टे योजना के 02 आवेदन प्रस्तुत किए। समिति ने साक्षात्कार के दौरान आवेदकों से उनके व्यावसायिक अनुभव, कार्यक्षेत्र, भूमि की स्थिति तथा अन्य आवश्यक बिंदुओं पर विस्तृत जानकारी ली।

जिला पर्यटन विकास अधिकारी ने बताया कि वीर चंद्र सिंह गढ़वाली पर्यटन स्वरोजगार योजना के अंतर्गत वित्तीय वर्ष में 07 वाहन मद और 05 गैर वाहन मद में लाभान्वित करने का लक्ष्य है। इसके सापेक्ष पूर्व में वाहन मद के 11 और गैर वाहन मद के 02 आवेदन बैंकों को भेजे गए थे, जिनमें से बैंकों ने वाहन मद के 07 तथा गैर वाहन मद के 01, कुल 08 आवेदनों पर ऋण स्वीकृत कर लाभ प्रदान किया है।

वहीं दीन दयाल उपाध्याय होमस्टे योजना में लक्ष्य 04 के मुकाबले 01 पत्रावली बैंक को प्रेषित की गई है, जिस पर बैंक की कार्यवाही जारी है।

सीडीओ दिवेश शाशनी ने जिला पर्यटन विकास अधिकारी को निर्देश दिए कि समिति द्वारा स्वीकृत आवेदन पत्रों को संबंधित बैंकों को शीघ्र प्रेषित किया जाए। उन्होंने कहा कि भवन निर्माण के लिए चयनित आवेदकों के नाम पर भूमि दर्ज होनी चाहिए और प्राधिकरण क्षेत्र में आने वाले भवनों के नक्शे को प्राधिकरण से अनुमोदित कराना अनिवार्य होगा।

सीडीओ ने बैंकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि आवेदकों को समयबद्ध रूप से ऋण उपलब्ध कराया जाए तथा किसी भी आवेदन को अस्वीकृत करने पर कारण स्पष्ट रूप से दर्ज किया जाए। साथ ही, जिला पर्यटन अधिकारी को रोजगारपरक योजनाओं के अधिक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए गए ताकि अधिक से अधिक युवा इन योजनाओं का लाभ उठा सकें।

साक्षात्कार समिति में लता बिष्ट (जिला पर्यटन विकास अधिकारी), चिराग पटेल (लीड बैंक अधिकारी), राजीव प्रियदर्शी (डीडीएम, नाबार्ड), योगिता जोशी (प्रबंधक उद्योग) और कैलाश डंगवाल (सहायक अभियंता, जिला विकास प्राधिकरण) उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles