
रूद्रपुर। मुख्य विकास अधिकारी श्री दिवेश शासनी ने विकास भवन सभागार में ग्राम्य विकास विभाग द्वारा जनपद में संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में मनरेगा, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम), ग्रामोत्थान (रीप), प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) एवं ग्रामीण स्वच्छता के अंतर्गत रूरल वेस्ट मैनेजमेंट सहित अन्य योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी खंड विकास अधिकारी अपने-अपने विकासखंडों में कूड़ा निस्तारण की व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए जिला पंचायत राज अधिकारी एवं अपर मुख्य अधिकारी, जिला पंचायत से समन्वय स्थापित करें। उन्होंने कहा कि प्रभावी रणनीति के तहत स्थापित कंपैक्टरों का संचालन सुचारू रखा जाए तथा ग्रामीण क्षेत्रों के कूड़े का पृथकीकरण करते हुए नियमित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही हाईवे से सटे ग्रामीण क्षेत्रों में कूड़ा निस्तारण की ठोस कार्ययोजना तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी स्थान पर कूड़ा एकत्रित नहीं होना चाहिए और कूड़ा संग्रहण वाहनों का नियमित संचालन अनिवार्य रूप से कराया जाए।
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की समीक्षा के दौरान उन्होंने निर्देश दिए कि निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी लाभार्थियों का सत्यापन कार्य पूर्ण किया जाए, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति आवासीय सुविधा से वंचित न रहे। मनरेगा योजना के अंतर्गत मानव दिवस बढ़ाने तथा अमृत सरोवरों पर आजीविका से जुड़ी गतिविधियों को संचालित करने के भी निर्देश दिए गए।
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की समीक्षा में उन्होंने समयबद्ध लक्ष्य पूर्ति सुनिश्चित करने और जनपद में स्थापित ग्रोथ सेंटरों के सुचारू संचालन के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी ग्रोथ सेंटरों का संचालन रीप परियोजना के सहयोग से किया जाए। स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को जागरूक कर उनकी आय में वृद्धि तथा सामाजिक-आर्थिक सशक्तिकरण पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। साथ ही इंटीग्रेटेड फार्मिंग क्लस्टर (IFC) पर फोकस करते हुए अधिक से अधिक लक्ष्य प्राप्त करने के निर्देश दिए गए।
DDUGKY की समीक्षा के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि खंड विकास अधिकारी स्वयं प्रशिक्षण केंद्रों का निरीक्षण कर गुणवत्ता एवं प्रगति की जांच करें।
बैठक में परियोजना निदेशक डीआरडीए हिमांशु जोशी, डीडीओ सुशील मोहन डोभाल, परियोजना अर्थशास्त्री शैलेंद्र श्रीवास्तव, जिला थीमेटिक एक्सपर्ट सौरभ सक्सेना, विपिन राणा, खंड विकास अधिकारी के.के. कांडपाल, कमल किशोर पांडे, शेखर जोशी, अतिया परवेज, असित आनंद, सी.आर. आर्य, संजय गांधी सहित ग्राम्य विकास विभाग से संबंधित विभिन्न योजनाओं के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

