सेवा संकल्प अभियान के तहत 25 सितंबर से शुरू होगा ‘सेवा सेतु, सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम

सेवा संकल्प अभियान के तहत 25 सितंबर से शुरू होगा ‘सेवा सेतु, सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम
Spread the love

देहरादून। सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘सेवा सेतु, सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर शनिवार को सचिवालय में कैबिनेट मंत्री श्री सुबोध उनियाल की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यक्रम के सफल संचालन और अधिक से अधिक लोगों को जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के संबंध में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि अभियान के तहत प्रदेश के सभी जनपदों में प्रत्येक ब्लॉक एवं तहसील स्तर पर बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए विभिन्न विभागों के स्टॉल एवं प्रदर्शनी लगाई जाएंगी। साथ ही पात्र व्यक्तियों का चयन कर उन्हें संबंधित योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा।

उन्होंने शिविरों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपस्थिति में चिकित्सा शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा ट्री प्रोटेक्शन एक्ट तथा मानव-वन्यजीव संघर्ष के संबंध में आमजन को जागरूक करने के लिए भी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा।

कैबिनेट मंत्री ने सभी जिलाधिकारियों को शिविर की तिथि, स्थल, नोडल अधिकारी, योजनाओं एवं विभागीय उपलब्धियों सहित विस्तृत कार्ययोजना उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पूर्व में आयोजित ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रमों से अलग स्थानों पर शिविर आयोजित किए जाएं, ताकि अधिक से अधिक लोगों को सरकारी योजनाओं से जोड़ा जा सके। कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार होर्डिंग्स, बैनर एवं अन्य माध्यमों से करने के निर्देश भी दिए गए।

उपाध्यक्ष राज्य आपदा प्रबंधन सलाहकार समिति डॉ. विनय रोहिला ने बताया कि ‘सेवा सेतु’ अभियान 25 सितंबर से 07 अक्टूबर 2026 तक आयोजित किया जाएगा। प्रत्येक तहसील एवं ब्लॉक स्तर पर शिविर लगाए जाएंगे तथा प्रत्येक शिविर कम से कम तीन दिनों तक संचालित किया जाएगा। शिविरों के आयोजन और उपलब्ध कराई गई सुविधाओं की रिपोर्टिंग भी सुनिश्चित की जाएगी।

महानिदेशक सूचना श्री बंशीधर तिवारी ने बताया कि अभियान के तहत विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए जाएंगे। शिविरों में पात्र व्यक्तियों के चयन, आवेदन पत्र भरने की सुविधा, योजनाओं के लाभार्थियों की सफलता की कहानियों का प्रस्तुतीकरण तथा पात्र व्यक्तियों को योजनाओं से लाभान्वित करने की व्यवस्था की जाएगी।

बैठक में सचिव श्री विनय शंकर पाण्डेय, श्री सी. रविशंकर, श्री राजेन्द्र कुमार, अपर सचिव श्री रोहित मीणा, सीसीएफ वन श्री राहुल, सीडीओ देहरादून श्री अभिनव शाह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। सभी जनपदों के जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी वर्चुअल माध्यम से बैठक में शामिल हुए।

देवभूमि खबर

Related articles