श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी पहुंचे श्री बदरीनाथ धाम, यात्रा व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण

श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी पहुंचे श्री बदरीनाथ धाम, यात्रा व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण
Spread the love

ज्योर्तिमठ।बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी बुधवार को दर्शन, पूजा-अर्चना और यात्रा व्यवस्थाओं के निरीक्षण हेतु श्री बदरीनाथ धाम पहुंचे। उनके साथ बीकेटीसी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती और विजय कपरवाण भी मौजूद रहे। तीर्थ पुरोहितों और हकहकूकधारियों ने ढोल-दमाऊं, फूलमालाओं और परंपरागत रीति से भव्य स्वागत किया।

श्री द्विवेदी ने श्री बदरीनाथ धाम पहुंचकर पूजा-अर्चना की और रावल अमरनाथ नंबूदरी से आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके बाद यात्रा व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण करते हुए अधिकारियों की बैठक ली और व्यवस्थाओं को और अधिक चुस्त-दुरुस्त करने के निर्देश दिए। बैठक में बीकेटीसी के मुख्य कार्याधिकारी विजय प्रसाद थपलियाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

इससे पहले, बुधवार सुबह उन्होंने श्री नृसिंह मंदिर, ज्योर्तिमठ में देश के सैनिकों के नाम महाभिषेक पूजा की और देश-प्रदेश की सुख-शांति की कामना की। इस अवसर पर उन्होंने बीकेटीसी यात्री विश्राम गृह और कार्यालय का भी निरीक्षण किया। पूजा में उपाध्यक्ष विजय कपरवाण भी सम्मिलित हुए। श्री द्विवेदी ने ज्योर्तिमठ में शंकराचार्य वासुदेवानंद सरस्वती जी से भेंट कर आशीर्वाद लिया।

बीकेटीसी अध्यक्ष इससे पहले 11 मई को तीर्थनगरी ऋषिकेश स्थित चंद्रभागा यात्री विश्राम गृह, देवप्रयाग, डालमिया यात्री गृह श्रीनगर, कलियासौड़-धारी देवी, और रुद्रप्रयाग में भी निरीक्षण कर चुके हैं। उन्होंने 12 मई को बाबा केदारनाथ के दर्शन और 13 मई को गुप्तकाशी में यात्रियों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

बदरीनाथ धाम में बुधवार को उन्होंने मंदिर परिसर, कार्यालय, तोसाखाना, प्राथमिक उपचार केंद्र, प्रसाद काउंटर, तप्तकुंड, गांधी घाट, ब्रह्मकपाल क्षेत्र, CCTV कक्ष, भोग मंडी समेत कई स्थानों का निरीक्षण किया और तीर्थयात्रियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने बदरीनाथ मास्टर प्लान का अवलोकन भी किया और सुरक्षा एजेंसियों से माणा में हो रहे पुष्कर कुंभ की तैयारियों की जानकारी ली।

15 मई को वे प्रातः श्री बदरीनाथ मंदिर की महाभिषेक पूजा में भाग लेंगे, जिसमें रावल अमरनाथ नंबूदरी, धर्माधिकारी राधाकृष्ण थपलियाल एवं वेदपाठीगण सम्मिलित रहेंगे। उसी दिन शाम को वे देहरादून लौटेंगे।

धाम में उनके स्वागत के दौरान बदरीश पंडा पंचायत अध्यक्ष प्रवीण ध्यानी, जिला पंचायत सदस्य देवीदत्त जोशी, भाजपा नेता विनोद नवानी, लक्ष्मण फरकिया, भास्कर पांडेय समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। भ्रमण के दौरान पीआरओ अजय जी, श्रेयांस द्विवेदी और आर्किटेक्ट अजीत भी उनके साथ थे।

देवभूमि खबर

Related articles