मुख्य सचिव की अध्यक्षता में सिडकुल बोर्ड बैठक सम्पन्न, औद्योगिक विकास के नए दौर की तैयारी तेज
देहरादून। मुख्य सचिव श्री आनन्द बर्द्धन की अध्यक्षता में स्टेट इंफ्रास्ट्रक्चर एंड इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कारपोरेशन ऑफ उत्तराखण्ड लिमिटेड (सिडकुल) के निदेशक मंडल की बैठक आयोजित हुई। बैठक में मुख्य सचिव ने कहा कि अगले पच्चीस वर्षों की जरूरतों और संभावनाओं को देखते हुए राज्य को औद्योगिक विकास के नए दौर में ले जाने के लिए ठोस और प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाए। उन्होंने निर्देश दिया कि राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध औद्योगिक संभावनाओं का गहन अध्ययन कर उनकी प्रकृति के अनुरूप विशिष्ट औद्योगिक हब विकसित किए जाएं। पर्वतीय क्षेत्रों के लिए भी उपयुक्त औद्योगिक अवसर तलाशे जाएं।
सिडकुल मुख्यालय में आयोजित निदेशक मंडल की 67वीं बैठक में मुख्य सचिव ने कहा कि उद्योग विभाग और संबंधित अन्य विभागों को प्रो–एक्टिव होकर कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि उद्योगों को आवश्यक सुविधाएँ उपलब्ध कराने और औद्योगिक विकास में आने वाली बाधाओं को दूर करने में तत्परता बरती जाए। उन्होंने उद्योगों को बेहतर माहौल के साथ पर्याप्त और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने पर भी विशेष बल दिया।
मुख्य सचिव ने हरिद्वार में नव-निर्मित फ्लैटेड फैक्टरी के संबंध में महत्वपूर्ण निर्देश देते हुए कहा कि छोटी औद्योगिक इकाइयों और स्टार्टअप्स के लिए उपलब्ध सुविधाओं का आवंटन लॉटरी प्रणाली के माध्यम से किया जाए। इसके अलावा, उन्होंने सिडकुल के पास उपलब्ध परिसंपत्तियों का विस्तृत ब्यौरा तैयार कर उनके प्रभावी उपयोग की योजना बनाने और आवंटित भूमि पर तय समय सीमा के भीतर औद्योगिक इकाइयों की स्थापना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में आईटी हब, सेमीकंडक्टर हब और डेटा सेंटर जैसी नई औद्योगिक संभावनाओं पर भी चर्चा हुई। मुख्य सचिव ने कहा कि इन आधुनिक क्षेत्रों के अनुरूप अनुकूल ईको–सिस्टम तैयार करने के लिए संबंधित सभी विभागों को प्रतिबद्धता के साथ कार्य करना होगा।
बैठक में प्राग फार्म, खुरपिया, नेपा और रानीपोखरी सहित विभिन्न क्षेत्रों में औद्योगिक आस्थान विकास की प्रस्तावित योजनाओं पर विचार-विमर्श किया गया। औद्योगिक आस्थानों में मौजूद सब-स्टेशनों की क्षमता बढ़ाने और नए औद्योगिक क्षेत्रों तक ट्रांसमिशन लाइनें एवं सब-स्टेशनों के निर्माण पर भी निर्णय लिए गए। साथ ही, मुख्य सचिव ने सिडकुल को अधिक सशक्त बनाने के लिए बोर्ड के अंतर्गत तकनीकी समिति सहित अन्य समितियों के गठन के निर्देश भी दिए।
बैठक में प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुन्दरम, सचिव वित्त दिलीप जावलकर, सचिव उद्योग विनय शंकर पाण्डेय, सिडकुल के प्रबंध निदेशक डॉ. सौरभ गहरवार, सिडबी के डीजीएम सिद्धार्थ मंडल, स्वतंत्र निदेशक अविनाश विरमानी, श्री पुनीत वाधवा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
