रोड सेफ्टी प्रीमियर लीग 2025: फाइनल मुकाबले में पहुंचे एसएसपी देहरादून, विजेता टीम को किया सम्मानित
देहरादून।बलूनी क्रिकेट अकादमी में आयोजित “रोड सेफ्टी प्रीमियर लीग 2025” का फाइनल मुकाबला आज 13 फरवरी 2025 को खेला गया। इस रोमांचक मैच में सोशल बलूनी पैंथर्स ने यू.पी.ई.एस. रॉयल को हराकर खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता के फाइनल में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और विजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया।
पुरस्कार वितरण के दौरान एसएसपी देहरादून ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल प्रतियोगिताओं के माध्यम से सड़क सुरक्षा जैसे गंभीर विषय पर जागरूकता फैलाना एक सराहनीय पहल है। उन्होंने बताया कि हर साल लाखों लोग सड़क दुर्घटनाओं में अपनी जान गंवाते हैं, जो एक बड़ी चिंता का विषय है। सड़क दुर्घटनाओं को रोकने का सबसे प्रभावी तरीका यातायात नियमों का पालन करना और सड़क सुरक्षा उपायों को अपनाना है।
एसएसपी ने विशेष रूप से युवाओं से अपील की कि वे सड़क सुरक्षा के महत्व को समझें और दूसरों को भी यातायात नियमों के प्रति जागरूक करें। उन्होंने आयोजकों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रम आमजन को सुरक्षित सड़क व्यवहार के लिए प्रेरित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।


