यूसीसी के तहत झूठी शिकायत करने पर लगेगा जुर्माना, भू-राजस्व की तरह होगी वसूली : निवेदिता कुकरेती
देहरादून।उत्तराखंड में लागू समान नागरिक संहिता (UCC) के तहत किसी भी व्यक्ति के खिलाफ फर्जी शिकायत दर्ज कराना अब महंगा पड़ेगा। सरकार ने झूठी शिकायतों से बचाव के लिए कड़ा प्रावधान किया है, जिसके तहत मिथ्या शिकायत करने वालों पर जुर्माना लगाया जाएगा और इसकी वसूली भू-राजस्व की तर्ज पर की जाएगी। इससे फर्जी शिकायतों के जरिए आवेदनों में बाधा डालने वालों को रोका जा सकेगा।
अपर सचिव गृह निवेदिता कुकरेती ने जानकारी दी कि समान नागरिक संहिता के तहत किए जाने वाले आवेदनों और पंजीकरणों को विवाद रहित बनाने के लिए यह नियम लागू किया गया है। यूसीसी नियमावली के अध्याय 6 के नियम 20 (उपखंड 02) के तहत स्पष्ट किया गया है कि यदि कोई व्यक्ति किसी अन्य के खिलाफ मिथ्या शिकायत करता है, तो पहली बार उसे चेतावनी दी जाएगी।
यदि वह व्यक्ति दोबारा झूठी शिकायत दर्ज करता है, तो उस पर ₹5,000 का जुर्माना लगाया जाएगा। तीसरी बार झूठी शिकायत करने पर यह जुर्माना ₹10,000 तक बढ़ जाएगा। शिकायतकर्ता को यह जुर्माना 45 दिनों के भीतर ऑनलाइन भुगतान करना होगा। यदि वह समय सीमा के भीतर भुगतान नहीं करता, तो तहसील के माध्यम से भू-राजस्व की तरह वसूली की जाएगी।
सरकार के इस फैसले से झूठी शिकायतों के आधार पर किसी को परेशान करने की प्रवृत्ति पर अंकुश लगेगा और समान नागरिक संहिता के तहत पंजीकरण प्रक्रियाएं सुचारू रूप से चल सकेंगी।


