केदारनाथ में वीआईपी दर्शन के नाम पर ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया जेल

केदारनाथ में वीआईपी दर्शन के नाम पर ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया जेल
Spread the love

रुद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम में श्रद्धालुओं को वीआईपी दर्शन कराने का झांसा देकर धोखाधड़ी करने वाले एक व्यक्ति को रुद्रप्रयाग पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी खुद को आईआरसीटीसी एजेंट बताकर यात्रियों से पैसे ऐंठ रहा था। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, 8 जून 2026 को केदारनाथ चौकी में सूचना मिली कि चिराग नामक व्यक्ति एक स्थानीय व्यक्ति और होटल संचालक के साथ मिलकर यात्रियों को वीआईपी दर्शन कराने का प्रलोभन दे रहा है। आरोपी ने 10 श्रद्धालुओं के एक समूह से प्रति व्यक्ति 3,000 रुपये के हिसाब से कुल 30,000 रुपये की ठगी की थी।

शिकायत मिलते ही चौकी केदारनाथ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को केदारनाथ धाम परिसर से हिरासत में ले लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से धोखाधड़ी से प्राप्त 5,000 रुपये नकद बरामद किए गए।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह एक स्थानीय व्यक्ति के साथ मिलकर इस अवैध गतिविधि को अंजाम दे रहा था। मामले में कोतवाली सोनप्रयाग में मुकदमा अपराध संख्या 26/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4), 319(2) एवं 317(2) में अभियोग पंजीकृत किया गया है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान चिराग पुत्र चुन्नी लाल, निवासी ग्राम बतल, पोस्ट भामला, थाना बल्दवाड़ा, जिला मंडी (हिमाचल प्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस द्वारा वैधानिक कार्रवाई के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जिला कारागार चमोली भेज दिया गया। मामले में शामिल अन्य आरोपी की तलाश और विवेचना जारी है।

रुद्रप्रयाग पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे केदारनाथ धाम यात्रा के दौरान किसी भी अज्ञात व्यक्ति के बहकावे में न आएं तथा दर्शन एवं अन्य सुविधाओं के लिए केवल अधिकृत और आधिकारिक माध्यमों का ही उपयोग करें। किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या धोखाधड़ी की जानकारी मिलने पर तुरंत निकटतम पुलिस चौकी या आपातकालीन नंबर 112 पर सूचना दें।

देवभूमि खबर

Related articles