एसटीएफ उत्तराखण्ड ने 1.31 करोड़ की साइबर ठगी करने वाले राष्ट्रीय गिरोह का किया पर्दाफाश

एसटीएफ उत्तराखण्ड ने 1.31 करोड़ की साइबर ठगी करने वाले राष्ट्रीय गिरोह का किया पर्दाफाश
Spread the love

देहरादून। एसटीएफ उत्तराखण्ड की साइबर क्राइम टीम ने निवेश के नाम पर करोड़ों की ठगी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि श्रीनगर, पौड़ी गढ़वाल निवासी एक व्यक्ति को अज्ञात साइबर ठगों ने अधिक लाभ का लालच देकर विभिन्न बैंक खातों में धनराशि जमा कराई। इस प्रकार आरोपीयों ने पीड़ित से कुल 1 करोड़ 31 लाख रुपये की ठगी की। मामले में साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन देहरादून में मुकदमा अपराध संख्या 62/2025 के तहत धारा 318(4), 61(2) भारतीय न्याय संहिता एवं 66(D) आईटी एक्ट में अभियोग पंजीकृत किया गया।

जांच के दौरान तकनीकी विश्लेषण के आधार पर लाभार्थी खातों, ईमेल आईडी और मोबाइल नंबरों की पड़ताल की गई, जिससे गिरोह के सदस्यों की पहचान हुई। इसके बाद पुलिस ने महाराष्ट्र से तीन आरोपियों—प्रतीक उत्तम बाफना, आशीष कुमार और मोहम्मद श्रीम उर्फ नासिर—को गिरफ्तार किया। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

एसएसपी ने जनता से अपील की है कि अंजान नंबरों से आने वाली वीडियो कॉल या संदिग्ध निवेश प्रस्तावों पर भरोसा न करें। किसी भी प्रकार के लालच या दबाव में आकर धनराशि ट्रांसफर न करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि कोई भी एजेंसी ऑनलाइन गिरफ्तारी नहीं करती है।
उन्होंने कहा कि साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल 1930 हेल्पलाइन नंबर या आधिकारिक पोर्टल cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करानी चाहिए।

पुलिस टीम में निरीक्षक अनिल कुमार, अपर उपनिरीक्षक गोपाल सिंह और अपर उपनिरीक्षक पवन कुमार शामिल रहे।

देवभूमि खबर

Related articles