बागेश्वर में केंद्रीय औषधि भंडार का औचक निरीक्षण, जांच के लिए लिए गए 10 दवा नमूने

बागेश्वर में केंद्रीय औषधि भंडार का औचक निरीक्षण, जांच के लिए लिए गए 10 दवा नमूने
Spread the love

बागेश्वर। जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे के निर्देश पर औषधि निरीक्षक पूजा रानी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय स्थित केंद्रीय औषधि भंडार, बिलौना का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान औषधियों के भंडारण और गुणवत्ता संबंधी व्यवस्थाओं का गहन परीक्षण किया गया।

निरीक्षण में औषधियों के वैज्ञानिक भंडारण, तापमान एवं आर्द्रता नियंत्रण, कोल्ड-चेन प्रणाली, स्टॉक एवं निर्गमन अभिलेख, एक्सपायरी प्रबंधन, FEFO (First Expire, First Out) प्रणाली, स्वच्छता तथा गुड स्टोरेज प्रैक्टिसेज (Good Storage Practices) के अनुपालन का सत्यापन किया गया। गुणवत्ता जांच के लिए विभिन्न श्रेणियों की 10 वैधानिक औषधियों के नमूने लेकर राजकीय औषधि परीक्षण प्रयोगशाला भेजे गए हैं।

औषधि निरीक्षक ने भंडार प्रभारी को निर्देश दिए कि नारकोटिक एवं मनःप्रभावी औषधियों को सुरक्षित एवं तालाबंद स्थान पर रखा जाए तथा एक्सपायरी दवाओं को उपयोग योग्य स्टॉक से अलग कर सुरक्षित तरीके से संरक्षित किया जाए। साथ ही औषधि भंडार में स्वच्छता, सुव्यवस्थित रैकिंग और निर्धारित भंडारण मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

औषधि निरीक्षक पूजा रानी ने बताया कि जनपद में आम जनता को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण दवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शासकीय एवं निजी औषधि प्रतिष्ठानों का नियमित निरीक्षण और औषधियों की गुणवत्ता जांच आगे भी लगातार जारी रहेगी।

देवभूमि खबर

Related articles