गंगा घाट पर टप्पेबाजी का 48 घंटे में खुलासा

गंगा घाट पर टप्पेबाजी का 48 घंटे में खुलासा
Spread the love

पौड़ी। पुलिस ने एसएसपी सर्वेश पंवार के निर्देश पर कार्रवाई करते हुए गंगा घाट पर हुई टप्पेबाजी की घटना का महज 48 घंटे के भीतर सफल खुलासा कर दिया। पुलिस ने श्रद्धालु की कार से नकदी, घड़ियां और महत्वपूर्ण दस्तावेज चोरी करने वाले तीन शातिर टप्पेबाजों को गिरफ्तार कर चोरी किया गया शत-प्रतिशत सामान बरामद किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 23 मई 2026 को फरीदाबाद निवासी नरेन्द्र पुनिया ने कोतवाली लक्ष्मणझूला में शिकायत दर्ज कराई थी कि गीता भवन के सामने गंगा घाट पर स्नान के दौरान अज्ञात व्यक्तियों ने उनकी कार संख्या RJ04SCU2350 से गाड़ी की आरसी, दो टाइटन घड़ियां, लगभग 60 से 65 हजार रुपये नगद, आधार कार्ड, एसबीआई बैंक के डेबिट एवं क्रेडिट कार्ड, गृह मंत्रालय तथा दिल्ली पुलिस के पहचान पत्र सहित अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज चोरी कर लिये।


मामले में कोतवाली लक्ष्मणझूला में मु0अ0सं0-13/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी पौड़ी ने प्रभारी निरीक्षक लक्ष्मणझूला को शीघ्र खुलासे के निर्देश दिए।

अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार मनोज ठाकुर एवं क्षेत्राधिकारी सदर पौड़ी तपेश कुमार चंद के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक सूर्यभूषण नेगी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की सहायता से घटना का खुलासा किया।

पुलिस जांच में सामने आया कि घटना को तीन शातिर टप्पेबाजों ने सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया था। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस टीम ने 25 मई 2026 को चौरासी कुटिया लक्ष्मणझूला के पास से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार अभियुक्तों में अश्विन बाबूराव कछवाय निवासी पुणे महाराष्ट्र, विशाल रणवीर चौहान निवासी नागपुर महाराष्ट्र तथा चेतन बाबूराव कछवाय निवासी अहमदाबाद गुजरात शामिल हैं। पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से 60 हजार रुपये नगद, दो टाइटन घड़ियां तथा अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए हैं।

पुलिस द्वारा अभियुक्तों के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है तथा तीनों को न्यायालय में पेश कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

देवभूमि खबर

Related articles