महादेव मैठाणी के भाजपा शिक्षक प्रकोष्ठ जिला संयोजक बनने पर सम्मान समारोह, शिक्षकों ने जताई उम्मीद

महादेव मैठाणी के भाजपा शिक्षक प्रकोष्ठ जिला संयोजक बनने पर सम्मान समारोह, शिक्षकों ने जताई उम्मीद
Spread the love

देहरादून। अशासकीय माध्यमिक शिक्षक संघ उत्तराखंड के प्रांतीय महामंत्री महादेव मैठाणी को भारतीय जनता पार्टी, टिहरी गढ़वाल के शिक्षक प्रकोष्ठ का जिला संयोजक मनोनीत किए जाने पर अशासकीय वित्तविहीन विद्यालय संगठन उत्तराखंड द्वारा शरणजीत इंटरमीडिएट कॉलेज, भारूवाला (क्लेमेंटटाउन) में सम्मान समारोह आयोजित कर उन्हें सम्मानित किया गया।

समारोह को संबोधित करते हुए अशासकीय वित्तविहीन विद्यालय संगठन उत्तराखंड के प्रांतीय अध्यक्ष विजेंद्र सिंह गुसाईं एवं प्रांतीय महामंत्री अरविंद सिंह रौथाण ने कहा कि महादेव मैठाणी के जिला संयोजक बनने से अशासकीय वित्तविहीन विद्यालयों की विभिन्न लंबित समस्याओं के समाधान को नई गति मिलेगी। उन्होंने आशा व्यक्त की कि वित्तविहीन विद्यालयों को वेतन अनुदान योजना में शामिल कराने सहित शिक्षकों के हितों से जुड़े मुद्दों के समाधान में सकारात्मक पहल होगी।

अशासकीय माध्यमिक शिक्षक संघ देहरादून के जिलाध्यक्ष अनिल नौटियाल ने कहा कि इस नियुक्ति से सहायता प्राप्त अशासकीय विद्यालयों और शिक्षक-कर्मचारियों की लंबे समय से लंबित समस्याओं के समाधान में मदद मिलेगी।

सम्मान समारोह में महादेव मैठाणी ने कहा कि अशासकीय विद्यालयों की अनेक समस्याएं वर्षों से लंबित हैं। इन मुद्दों के समाधान के लिए शासन और शिक्षा विभाग के समक्ष प्रभावी पैरवी की जाएगी तथा भाजपा शिक्षक प्रकोष्ठ के माध्यम से मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री से वार्ता कर समस्याओं के शीघ्र निस्तारण का प्रयास किया जाएगा।

इस अवसर पर विजेंद्र सिंह गुसाईं, अरविंद सिंह रौथाण, अरविंद सकलानी, विनोद कुमार, अवनीश कुमार गुप्ता, प्रदीप राणा, कमलेश सकलानी, राजेश शर्मा, कपूर सिंह पंवार, सुनील पैन्यूली, अनिल नौटियाल, दिनेश डोबरियाल, गिरीश सेमवाल सहित बड़ी संख्या में शिक्षक एवं शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles