टिहरी पुलिस की बड़ी कामयाबी — ₹5.5 लाख की साइबर ठगी करने वाला शातिर आरोपी जयपुर से गिरफ्तार

टिहरी पुलिस की बड़ी कामयाबी — ₹5.5 लाख की साइबर ठगी करने वाला शातिर आरोपी जयपुर से गिरफ्तार
Spread the love

टिहरी। टिहरी पुलिस ने साइबर ठगी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए जयपुर (राजस्थान) से शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। थाना कीर्तिनगर क्षेत्र निवासी सौरभ कुमार ने शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात व्यक्तियों ने Stock Strategy Exchange Group में निवेश कर दोगुना-तीन गुना मुनाफा दिलाने का झांसा देकर उससे कुल ₹5.50 लाख की ठगी कर ली। इस शिकायत पर थाना कीर्तिनगर में मुकदमा दर्ज कर साइबर सेल को जांच सौंपी गई।

अपर पुलिस अधीक्षक टिहरी श्री जेआर जोशी ने जानकारी देते हुए बताया कि

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल आयुष अग्रवाल के निर्देशन में साइबर सेल ने तकनीकी जांच की तो पता चला कि पीड़ित की ₹2 लाख राशि अभियुक्त ताराचन्द यादव पुत्र रिछपाल यादव, उम्र 39 वर्ष, निवासी भोमिया नगर गुज्जर कॉलोनी, थाना झोटवाड़ा, जयपुर (राजस्थान) के बैंक खाते में ट्रांसफर की गई थी। यह खाता “KRISH ENTERPRISES” नाम से संचालित किया जा रहा था, जिसका उपयोग धोखाधड़ी के लिए किया जाता था। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए अभियुक्त को 04 सितम्बर 2025 को जयपुर से गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के दौरान अभियुक्त के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन सहित अन्य दो मोबाइल फोन, विभिन्न बैंकों के 09 क्रेडिट कार्ड, 30 डेबिट कार्ड, 13 सिम कार्ड, 50 चैक बुक और पासबुक बरामद किए गए। जांच में यह तथ्य भी सामने आया कि अभियुक्त के खातों से तमिलनाडु में ₹59 लाख की साइबर ठगी की शिकायत दर्ज है तथा उसके और उसके सहयोगियों के नाम पर 47 से अधिक बैंक खाते संचालित किए जा रहे हैं। इसके अलावा तेलंगाना, दिल्ली, गुजरात, केरल, कर्नाटक, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, तमिलनाडु, हिमाचल प्रदेश, पंजाब और पश्चिम बंगाल जैसे 12 राज्यों में 21 शिकायतें दर्ज हैं जिनमें एक करोड़ रुपये से अधिक की ठगी की पुष्टि हुई है।

इस प्रकरण में पूर्व में ही एक अन्य आरोपी अर्पित जैन निवासी इंदौर (मध्यप्रदेश) को गिरफ्तार किया जा चुका है। गिरफ्तार अभियुक्त ताराचन्द यादव को विधिक प्रक्रिया के तहत माननीय न्यायालय कीर्ति नगर, टिहरी गढ़वाल के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।

जनपद टिहरी गढ़वाल पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार के निवेश या लाभ के लालच में आकर बिना पुष्टि के कोई लेन-देन न करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल नजदीकी थाने, साइबर सेल या 1930 पर कॉल कर दें।

देवभूमि खबर

Related articles