दूधियाबंद हत्याकांड का फरार 10 हजार का इनामी आरोपी गिरफ्तार

हरिद्वार। ऑपरेशन प्रहार अभियान के तहत हरिद्वार पुलिस ने दूधियाबंद जंगल में हुई हत्या के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे 10 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान गजराज कश्यप पुत्र रघुवीर कश्यप, निवासी ग्राम मोमिनपुर दर्गा, थाना कोतवाली बिजनौर, जनपद बिजनौर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक लोहे का चाकू भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 17 सितंबर 2026 को कोतवाली नगर क्षेत्र के दूधियाबंद बस्ती स्थित बिजलीघर के पास जंगल में एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ था। इस संबंध में कोतवाली नगर हरिद्वार में मुकदमा संख्या 523/2026 दर्ज कर मामले की जांच वरिष्ठ उपनिरीक्षक नंद किशोर ग्वाड़ी को सौंपी गई थी।
जांच के दौरान पुलिस ने इस हत्याकांड में संलिप्त तीन आरोपियों को 21 सितंबर और 3 अक्टूबर 2026 को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में आरोपियों ने मृतक की पहचान गोपाल पुत्र उमाचरण, निवासी नई बस्ती, आबकारी चौकी के निकट, बिजनौर (उत्तर प्रदेश) के रूप में बताई। आरोपियों के अनुसार, 16 सितंबर की रात गंगा किनारे बिजलीघर के पास दूधियाबंद क्षेत्र में खाली स्थान पर गजराज कश्यप समेत चार लोगों ने मिलकर चापड़ और चाकू से गोपाल की हत्या की थी।
घटना के बाद गजराज कश्यप लगातार फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार की ओर से 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। फरार आरोपी की तलाश में जुटी कोतवाली नगर पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज, सुरागरसी और मुखबिर तंत्र की मदद से 11 और 12 नवंबर की मध्यरात्रि चंडी चौक, हरिद्वार से उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तारी अभियान में प्रभारी निरीक्षक कुंदन सिंह राणा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक नंद किशोर ग्वाड़ी, उपनिरीक्षक नवीन चौहान तथा कांस्टेबल वीरेंद्र तोमर और लखन सिंह शामिल रहे।


