मुख्यमंत्री ने प्रदेश में जल्द शुरू हो प्रधानमंत्री ई-बस सेवा, ग्रीन सेस और ई-वी चार्जिंग पर तेजी लाने के दिए निर्देश

मुख्यमंत्री ने प्रदेश में जल्द शुरू हो प्रधानमंत्री ई-बस सेवा, ग्रीन सेस और ई-वी चार्जिंग पर तेजी लाने के दिए निर्देश
Spread the love

देहरादून।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिवालय में परिवहन विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों को प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना को शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश दिए। साथ ही राज्य में इलेक्ट्रिक वाहन (ई-वी) चार्जिंग अवसंरचना को समयबद्ध तरीके से विकसित करने की आवश्यकता पर बल दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दूसरे राज्यों से आने वाले वाहनों पर ग्रीन सेस लागू करने की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए तथा निर्माणाधीन बस अड्डों के कार्यों को तय समयसीमा में पूर्ण किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बस अड्डों, पार्किंग स्थलों, राजकीय भवनों, गेस्ट हाउसों और पेट्रोल पंपों के समीप ई-वी चार्जिंग स्टेशनों की स्थापना की जाए, ताकि वाहन चालकों को सरलता से चार्जिंग की सुविधा मिल सके।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि परिवहन निगम की आय में वृद्धि के लिए ठोस रणनीति अपनाई जाए। इस दिशा में नवाचार और डिजिटल तकनीक के अधिकतम उपयोग पर ध्यान केंद्रित किया जाए।

इस अवसर पर परिवहन निगम की प्रबंध निदेशक श्रीमती रीना जोशी ने जानकारी दी कि प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के अंतर्गत देहरादून और हरिद्वार में 150 इलेक्ट्रिक बसें संचालित की जाएंगी। इस योजना का उद्देश्य नागरिकों को सुलभ, सुरक्षित और पर्यावरण-अनुकूल यातायात सुविधा उपलब्ध कराना है। योजना से लगभग 750 नए रोजगार के अवसर सृजित होंगे।

उन्होंने यह भी बताया कि राज्य सरकार द्वारा इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग को बढ़ावा देने और वायु प्रदूषण को कम करने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। योजना के प्रथम चरण में प्रदेश के 28 स्थलों पर ई-वी चार्जिंग स्टेशनों की स्थापना पूरी कर ली गई है।

बैठक में अवस्थापना अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष श्री विश्वास डाबर, मुख्य सचिव श्री आनंद बर्द्धन, प्रमुख सचिव श्री आर.के. सुधांशु, श्री आर. मीनाक्षी सुंदरम एवं परिवहन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles