पूर्व घरेलू सहायिका गिरफ्तार, 10 लाख रुपये के हीरे और सोने के आभूषण बरामद; एसएसपी ने पुलिस टीम को ₹2,500 पुरस्कार देने की घोषणा की

पूर्व घरेलू सहायिका गिरफ्तार, 10 लाख रुपये के हीरे और सोने के आभूषण बरामद; एसएसपी ने पुलिस टीम को ₹2,500 पुरस्कार देने की घोषणा की
Spread the love

देहरादून। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून की सटीक रणनीति के चलते थाना राजपुर पुलिस ने एक वर्ष पूर्व हुई लाखों रुपये के हीरे और सोने के आभूषणों की चोरी का खुलासा करते हुए आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की निशानदेही पर करीब 10 लाख रुपये मूल्य के हीरे और सोने के आभूषण बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, 1 जुलाई 2026 को सिक्का किमाया ग्रीन आईटी पार्क निवासी श्रीमती नितिशा वत्स ने थाना राजपुर में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि करीब एक वर्ष पहले उनके घर से हीरे और सोने के आभूषण गायब हो गए थे। उस समय उन्हें लगा कि शायद उन्होंने आभूषण कहीं रख दिए हैं या किसी रिश्तेदार को दिए होंगे, इसलिए चोरी का संदेह नहीं हुआ।

हाल ही में एक परिचित ने उन्हें बताया कि उनकी पूर्व घरेलू सहायिका ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर हीरे का हार पहनकर तस्वीर साझा की है, जो उनके गायब हुए हार से हूबहू मिलता था। फोटो देखने पर शिकायतकर्ता को अपनी पूर्व घरेलू सहायिका विमला पर शक हुआ, जिसके बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने मुखबिर तंत्र और तकनीकी जानकारी के आधार पर कार्रवाई करते हुए 3 जुलाई को जोहड़ी रोड से आरोपी विमला को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर चोरी किए गए हीरे और सोने के आभूषण बरामद किए गए।

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह शिकायतकर्ता के घर घरेलू सहायिका के रूप में काम करती थी। उसने घर के लॉकर में रखे महंगे आभूषण देखे और लालच में आकर मौका मिलते ही उन्हें चोरी कर लिया। बाद में उसने घर की मालकिन को यह विश्वास दिलाया कि संभवतः उन्होंने ही आभूषण कहीं रख दिए होंगे या किसी परिचित को दे दिए होंगे। आरोपी ने चोरी के बाद आभूषण बेचने का प्रयास भी किया, लेकिन महंगे हीरे के आभूषण होने के कारण उन्हें बेच नहीं सकी।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान विमला (34 वर्ष) निवासी लखीमपुर खीरी (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी बापू नगर, जाखन, देहरादून के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक हीरे का हार, एक सोने का लॉकेट, दो सोने की अंगूठियां, एक सोने का पेंडल तथा एक ओप्पो मोबाइल फोन बरामद किया है। बरामद आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई गई है।
घटना का सफल खुलासा करने वाली पुलिस टीम को एसएसपी देहरादून ने ₹2,500 के नगद पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की है।

टीम में थानाध्यक्ष पी.डी. भट्ट, उपनिरीक्षक अनित कुमार, महिला उपनिरीक्षक ज्योति पवार, कांस्टेबल अमित, कांस्टेबल मोहित तथा एसओजी के हेड कांस्टेबल किरण कुमार शामिल रहे।

देवभूमि खबर

Related articles