राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के दो दिवसीय नैनीताल दौरे को लेकर जिलाधिकारी ने की तैयारियों की समीक्षा
रिपोर्ट। ललित जोशी।
नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल एवं उसके आसपास के क्षेत्रों में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के प्रस्तावित दो दिवसीय दौरे को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने जिले के समस्त अधिकारियों और सुरक्षा एजेंसियों के साथ समन्वय बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि आगामी 3 और 4 नवंबर, 2025 को माननीय राष्ट्रपति का जनपद भ्रमण एवं प्रवास कार्यक्रम प्रस्तावित है। उन्होंने कहा कि इस दौरे को सुव्यवस्थित ढंग से सफल बनाने के लिए सभी विभागीय अधिकारी पूर्ण जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
जिलाधिकारी ने जल संस्थान को पेयजल की उच्च स्तरीय व्यवस्था सुनिश्चित करने, विद्युत विभाग को अबाध बिजली आपूर्ति बनाए रखने तथा नगर पालिका को साफ-सफाई और नगर में लाइटिंग की विशेष व्यवस्था करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही लोक निर्माण विभाग और नेशनल हाईवे के अधिकारियों को भ्रमण मार्ग से अव्यवस्थित सामग्रियां हटाने तथा सड़कों को दुरुस्त रखने को कहा गया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी को कार्यक्रम स्थल पर एम्बुलेंस, चिकित्सक दल, कार्डियोलॉजिस्ट और फिजिशियन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। खाद्य सुरक्षा अधिकारी को खान-पान की गुणवत्ता की जिम्मेदारी दी गई, जबकि भारत दूरसंचार विभाग को निर्बाध कनेक्टिविटी सुनिश्चित करने को कहा गया।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी विवेक राय, शैलेंद्र सिंह नेगी, समस्त उपजिलाधिकारी, संभागीय परिवहन अधिकारी, एसपी सिटी नैनीताल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
