सीमांत गांव मिलम पहुंचे मुख्यमंत्री धामी—आईटीबीपी जवानों और ग्रामीणों से की मुलाकात

सीमांत गांव मिलम पहुंचे मुख्यमंत्री धामी—आईटीबीपी जवानों और ग्रामीणों से की मुलाकात
Spread the love

पिथौरागढ़। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को जिले के सीमांत गांव मिलम का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के जवानों से मुलाकात कर उनके राष्ट्रसेवा के जज्बे और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों में भी समर्पण भाव से किए जा रहे कार्यों की सराहना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की सीमाओं की रक्षा में आईटीबीपी जवानों का योगदान अतुलनीय है। उनका अनुशासन, परिश्रम और देशभक्ति हम सबके लिए प्रेरणास्रोत है।

मुख्यमंत्री धामी ने सीमांत क्षेत्र के स्थानीय ग्रामीणों से भी संवाद किया। उन्होंने ग्रामीणों से क्षेत्र के विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और मूलभूत सुविधाओं से संबंधित विषयों पर चर्चा की। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सीमांत गांवों के सर्वांगीण विकास के लिए ‘वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम’ प्रभावी रूप से लागू किया जा रहा है, जिसके अंतर्गत इन क्षेत्रों को बुनियादी सुविधाओं से जोड़ा जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्थानीय युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने और गांवों को आत्मनिर्भर बनाने के प्रयास तेजी से जारी हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सीमांत क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। आने वाले समय में सड़कों, संचार, स्वास्थ्य और शिक्षा की सुविधाओं को सुदृढ़ किया जाएगा, ताकि सीमांत क्षेत्रों में रहने वाले लोगों का जीवन स्तर बेहतर हो सके। उन्होंने सीमा क्षेत्र के नागरिकों के सहयोग और राष्ट्र के प्रति समर्पण के लिए आभार व्यक्त किया।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कई घोषणाएं भी कीं। उन्होंने कहा कि जोहार क्लब मुनस्यारी में इनडोर स्टेडियम बनाया जाएगा, ग्राम मिलम में नंदा देवी मंदिर का सौंदर्यीकरण कार्य कराया जाएगा और ग्राम बिल्जू में सामुदायिक मिलन केंद्र का निर्माण किया जाएगा।

इस दौरान आईजी आईटीबीपी संजय गुंज्याल, स्थानीय नागरिक और आईटीबीपी के जवान मौजूद रहे।

देवभूमि खबर

Related articles