22 अप्रैल को खुलेंगे श्री केदारनाथ धाम के कपाट, उखीमठ में तिथि घोषित

Spread the love

रुद्रप्रयाग। ग्यारहवें ज्योर्तिलिंग श्री केदारनाथ धाम के कपाट इस वर्ष 22 अप्रैल को वृष लग्न में प्रातः 8 बजे श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोले जाएंगे। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर शीतकालीन गद्दीस्थल श्री ओंकारेश्वर मंदिर, उखीमठ में पंचांग गणना के उपरांत कपाटोद्घाटन की तिथि विधिवत घोषित की गई। इस दौरान केदारनाथ रावल भीमाशंकर लिंग, केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल, श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी, उपाध्यक्ष विजय कप्रवाण, मुख्य कार्याधिकारी विजय प्रसाद थपलियाल सहित धर्माचार्य, जनप्रतिनिधि, वेदपाठी, हक-हकूकधारी और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

तिथि घोषणा के साथ ही भगवान श्री केदारनाथ की पंचमुखी डोली के केदारनाथ प्रस्थान का कार्यक्रम भी जारी किया गया। 18 अप्रैल को श्री ओंकारेश्वर मंदिर में भैरवनाथ जी की पूजा संपन्न होगी। 19 अप्रैल को पंचमुखी डोली उखीमठ से फाटा के लिए रवाना होगी, 20 अप्रैल को गौरीकुंड में दूसरा पड़ाव रहेगा और 21 अप्रैल को डोली श्री केदारनाथ धाम पहुंचेगी। 22 अप्रैल को प्रातः 8 बजे विधिवत कपाटोद्घाटन होगा। वहीं श्री बदरीनाथ धाम के कपाट 23 अप्रैल को खोले जाएंगे।

इस अवसर पर श्री ओंकारेश्वर मंदिर को साढ़े नौ क्विंटल फूलों से भव्य रूप से सजाया गया। दानीदाताओं द्वारा भंडारे आयोजित किए गए और सैकड़ों श्रद्धालुओं ने दर्शन कर “जय श्री केदार” के उद्घोष से वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने देश-विदेश के तीर्थयात्रियों को शिवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए चारधाम यात्रा के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने कहा कि केदारनाथ यात्रा आस्था, परंपरा और आजीविका का समन्वित स्वरूप है, जिसमें हक-हकूकधारियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुविधाजनक बनाने हेतु समिति राज्य सरकार और प्रशासन के साथ समन्वय में कार्य कर रही है।

बीकेटीसी मुख्य कार्याधिकारी विजय प्रसाद थपलियाल ने बताया कि कपाट खुलने की तिथि तय होते ही यात्रा तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। मंदिर समिति के कार्यालयों और विश्राम गृहों का निरीक्षण भी जारी है। इस यात्रा वर्ष श्री केदारनाथ धाम में एमटी गंगाधर मुख्य पुजारी का दायित्व निभाएंगे, जबकि मदमहेश्वर धाम के लिए शिवशंकर लिंग पूजा व्यवस्था संभालेंगे। शिवरात्रि अवसर पर मुजफ्फरनगर निवासी अभिनव सुशील ने मंदिर को फूलों से सजाने में सहयोग प्रदान किया।

कपाट तिथि निर्धारण कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, तीर्थ पुरोहित समाज, मंदिर समिति पदाधिकारियों और सैकड़ों श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही।

Next Post

सीएम धामी ने खटीमा सिविल न्यायालय में अधिवक्ताओं के नए चैम्बर का किया लोकार्पण

Spread the love खटीमा। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज खटीमा सिविल न्यायालय परिसर में एक करोड़ रुपये की लागत से निर्मित अधिवक्ताओं के नए चैम्बर का फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने अधिवक्ताओं को महाशिवरात्रि पर्व और नए […]