बद्रीनाथ धाम से भगवान नारायण का ₹5 लाख का स्वर्ण मुकुट चोरी करने वाला गिरफ्तार, चमोली पुलिस ने 48 घंटे में किया खुलासा

चमोली। बद्रीनाथ धाम स्थित ब्रह्मर्षि साधना संघ आश्रम से भगवान नारायण का लगभग ₹5 लाख मूल्य का मणि जड़ित सोने का मुकुट चोरी करने वाले शातिर अभियुक्त को चमोली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने अभियुक्त की निशानदेही पर चोरी गया मुकुट, ₹4,500 नकद तथा घटना में प्रयुक्त बैग भी बरामद कर लिया है।
पुलिस के अनुसार 27 जुलाई 2026 को ब्रह्मचारी भगवत दास ने कोतवाली बद्रीनाथ में शिकायत दर्ज कराई थी कि आश्रम में शरण लिए हुए साधु राघवदास ने 24 जुलाई की रात भगवान नारायण का स्वर्ण मुकुट और नकदी चोरी कर ली। मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305(a) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पँवार ने इसे करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा संवेदनशील मामला मानते हुए तत्काल विशेष पुलिस टीम गठित कर अभियुक्त की शीघ्र गिरफ्तारी और मुकुट की बरामदगी के निर्देश दिए।
तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर तंत्र और लगातार दबिश के आधार पर 29 जुलाई को पुलिस ने बद्रीश गंगा वाटिका गेट (हनुमानचट्टी रोड) के पास घेराबंदी कर भागने का प्रयास कर रहे अभियुक्त राघवराम पाठक उर्फ राघवदास (57 वर्ष), निवासी श्रावस्ती, उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में अभियुक्त ने स्वीकार किया कि उसने आश्रम के मंदिर से भगवान नारायण का सोने का मुकुट तथा आश्रम में ठहरे एक व्यक्ति के बैग से नकदी चोरी की थी। उसकी निशानदेही पर चोरी गया मुकुट, ₹4,500 नकद और काला बैग बरामद कर लिया गया। बरामदगी के बाद मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस भी बढ़ाई गई है।
इस कार्रवाई को अति उपनिरीक्षक भूपेंद्र प्रसाद के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने अंजाम दिया। पुलिस ने अभियुक्त को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश कर दिया है।
इस सफल कार्रवाई में विवेचक अपर उपनिरीक्षक भूपेंद्र प्रसाद, हेड कांस्टेबल चंदन सिंह नगरकोटी, कांस्टेबल विकास जुयाल, कांस्टेबल आशुतोष तिवारी, कांस्टेबल राजेंद्र रावत, कांस्टेबल गौरव रावत एवं कांस्टेबल शीशपाल सिंह शामिल रहे।

