HTML tutorial
HTML tutorial

प्रधानमंत्री  का 27 फरवरी को हर्षिल-मुखवा में शीतकालीन यात्रा का प्रस्तावित भ्रमण,तैयारियां तेज

प्रधानमंत्री  का 27 फरवरी को हर्षिल-मुखवा में शीतकालीन यात्रा का प्रस्तावित भ्रमण,तैयारियां तेज
Spread the love

देहरादून। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी आगामी 27 फरवरी को उत्तरकाशी जिले के हर्षिल-मुखवा क्षेत्र के भ्रमण पर आ सकते हैं। उनकी शीतकालीन यात्रा को लेकर शासन-प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इस संबंध में मुख्य सचिव श्रीमती राधा रतूड़ी ने अधिकारियों की बैठक लेकर प्रस्तावित कार्यक्रम की रूपरेखा एवं तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम की तैयारियां तय समय पर पूरी कर ली जाएं और सभी व्यवस्थाएं त्रुटिरहित हों।

मुख्य सचिव ने कहा कि प्रधानमंत्री का यह भ्रमण उत्तराखंड में शीतकालीन पर्यटन को बढ़ावा देने का एक महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने निर्देश दिए कि इस अवसर पर राज्य के शीतकालीन पर्यटन स्थलों की संभावनाओं को उजागर करने पर विशेष ध्यान दिया जाए।

मुख्य सचिव ने कहा कि प्रधानमंत्री के हर्षिल-मुखवा भ्रमण के दौरान सुरक्षा प्रबंधों एवं तय प्रोटोकॉल का पूरा पालन किया जाए। उन्होंने घोषणा की कि वे स्वयं हर्षिल-मुखवा जाकर तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण करेंगी।

उन्होंने अधिकारियों को मुखवा मंदिर में दर्शन-पूजन और हर्षिल में प्रस्तावित जनसभा की सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद करने के निर्देश दिए। पार्किंग और परिवहन व्यवस्था को भी कारगर बनाने के लिए विशेष इंतजाम किए जाएंगे। सचिव पर्यटन को निर्देश दिया गया कि हर्षिल में उत्तराखंड के शीतकालीन पर्यटन स्थलों और स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी आयोजित की जाए।

बैठक में सचिव श्री विनोद कुमार सुमन ने कार्यक्रम की तैयारियों का प्रस्तुतिकरण दिया और बताया कि सभी संबंधित विभागों को तुरंत अपनी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

जिलाधिकारी उत्तरकाशी डॉ. मेहरबान सिंह बिष्ट ने बताया कि हर्षिल में उद्यान विभाग परिसर को प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के लिए तैयार किया गया है। मुखवा में मंदिर और गांव के भवनों का सौंदर्यीकरण किया गया है, साथ ही मंदिर तक सुविधाजनक और सुरक्षित मार्ग का निर्माण किया गया है। हर्षिल-मुखवा क्षेत्र की सड़कों को दुरुस्त किया जा रहा है, जबकि बगोरी हेलीपैड तक सड़क निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। निकटवर्ती अन्य हेलीपैड भी चाक-चौबंद किए जा रहे हैं।

गंगोत्री राजमार्ग पर पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था की जा रही है। शीतकाल में पाइपलाइन जमने की समस्या को देखते हुए 5 किलोमीटर लंबाई की एचडीपीई पाइपलाइन बिछाकर पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की गई है। क्षेत्र में बिजली लाइनों की मरम्मत, पोल बदलने, सोलर हाईमास्ट लाइट्स और स्ट्रीट लाइट्स लगाने का काम पूरा कर लिया गया है। इसके अलावा तीन नए स्मार्ट टॉयलेट्स भी बनाए जा रहे हैं।

बैठक में पुलिस महानिदेशक श्री दीपम सेठ, प्रमुख सचिव श्री आर के सुधांशु, सचिव श्री शैलेश बगौली, सहित शासन, पुलिस विभाग और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया। सभी तैयारियां अंतिम चरण में हैं और 27 फरवरी को प्रधानमंत्री का स्वागत करने के लिए उत्तरकाशी पूरी तरह तैयार रहेगा।

देवभूमि खबर

Related articles