HTML tutorial
HTML tutorial

बहुचर्चित डॉक्टर हत्याकांड के ब्लाइंड मर्डर केस का हरिद्वार पुलिस ने किया खुलासा

बहुचर्चित डॉक्टर हत्याकांड के ब्लाइंड मर्डर केस का हरिद्वार पुलिस ने किया खुलासा
Spread the love

हरिद्वार।हरिद्वार पुलिस ने एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल के नेतृत्व में बहुचर्चित डॉक्टर हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा किया है। लूटपाट के इरादे से संविदाकर्मी डॉक्टर की हत्या करने वाले तीनों आरोपी पुलिस मुठभेड़ में पकड़े गए, जिनमें से दो बदमाश गोली लगने से घायल हुए हैं।

दिनांक 31.01.2025 को रानीपुर झाल, नहर पटरी के पास डॉ. गोपाल गुप्ता की गला दबाकर हत्या कर दी गई थी। इस संबंध में मृतक के पिता श्री राजकुमार गुप्ता निवासी मेन बाजार, लक्सर ने थाना बहादराबाद पर मामला दर्ज कराया था।

एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल घटनास्थल का दौरा कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और जल्द खुलासे के लिए विशेष टीमों का गठन किया।

11.02.2025 की देर रात पुलिस को सूचना मिली कि डॉक्टर की हत्या में शामिल तीन बदमाश एक मोटरसाइकिल से कलियर से कोर कॉलेज की ओर आ रहे हैं।

हरिद्वार पुलिस की बहादराबाद थाना पुलिस और सीआईयू टीम ने कोर कॉलेज के पास वाहनों की चेकिंग शुरू की। कुछ देर बाद तीन संदिग्ध व्यक्ति मोटरसाइकिल पर आते दिखे, लेकिन पुलिस को देखकर भागने लगे और फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में दो बदमाशों मुदस्सिर और हनीफ उर्फ समीर के पैरों में गोली मारकर घायल कर दिया, जबकि तीसरे बदमाश अशरफ को गिरफ्तार कर लिया गया।

घायल बदमाशों को अस्पताल भेजा गया और मौके पर फील्ड यूनिट को बुलाकर आगे की कार्रवाई शुरू की गई।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी शराब के ठेके के पास ऐसे व्यक्तियों की तलाश में रहते थे, जो अकेले हों या नशे की हालत में हों। पहले शराब पिलाकर दोस्ती करते, फिर लालच देकर सुनसान इलाके में ले जाकर लूटपाट करते।

घटना के दिन डॉ. गोपाल गुप्ता की बुलेट मोटरसाइकिल का पेट्रोल खत्म हो गया था, जिस वजह से वह सड़क किनारे खड़े थे। बदमाशों ने उनसे बातचीत शुरू की, शराब पिलाई और तेल दिलाने के बहाने ई-रिक्शा में बिठाकर सुनसान इलाके में ले गए। वहां उन्होंने घड़ी, पर्स और ₹7500 छीनने की कोशिश की, लेकिन डॉक्टर के विरोध करने पर गला दबाकर हत्या कर दी।

हत्या के बाद बदमाश मोटरसाइकिल और अन्य सामान लेकर फरार हो गए, लेकिन हरिद्वार पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए इस ब्लाइंड मर्डर केस को सुलझा लिया।

हरिद्वार पुलिस की त्वरित कार्रवाई को देखते हुए एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने बहादराबाद पुलिस व सीआईयू टीम को ₹5000 इनाम देने की घोषणा की, जबकि आईजी गढ़वाल रेंज द्वारा ₹15000 का इनाम घोषित किया गया।

देवभूमि खबर

Related articles