एसटीएफ की त्वरित कार्रवाई से साइबर ठगी के शिकार को मिली बड़ी राहत, 25.40 लाख रुपये कराए वापस

देहरादून। निवेश (इन्वेस्टमेंट ट्रेडिंग) के नाम पर साइबर ठगी का शिकार हुए एक पीड़ित को एसटीएफ की त्वरित कार्रवाई के चलते 25.40 लाख रुपये की ठगी गई धनराशि वापस दिलाई गई।
एसटीएफ के अनुसार, पीड़ित से इन्वेस्टमेंट ट्रेडिंग में अधिक मुनाफे का लालच देकर बड़ी रकम की धोखाधड़ी की गई थी। शिकायत प्राप्त होते ही साइबर थाना पुलिस ने बिना समय गंवाए तकनीकी जांच और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की, जिसके परिणामस्वरूप 25.40 लाख रुपये की राशि पीड़ित के खाते में वापस कराई गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, एसटीएफ उत्तराखंड ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अज्ञात लिंक पर क्लिक न करें और ओटीपी, बैंक खाता विवरण, सीवीवी, पासवर्ड जैसी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें। उन्होंने कहा कि निवेश पर दोगुना मुनाफा, फर्जी वेबसाइटों या अन्य आकर्षक ऑनलाइन ऑफरों के झांसे में आने से बचें। यदि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी का शिकार हों तो तत्काल 1930 साइबर हेल्पलाइन पर कॉल करें या www.cybercrime.gov.in� पर शिकायत दर्ज कराएं।
इस कार्रवाई को साइबर थाना के निरीक्षक शरद चौधरी, हेड कांस्टेबल हेम चन्द्र मठपाल एवं कांस्टेबल मोहम्मद उस्मान की टीम ने सफलतापूर्वक अंजाम दिया।

