नेहरू कॉलोनी में नकबजनी का खुलासा, शातिर चोर गिरफ्तार; चोरी की नकदी और मूर्ति बरामद

नेहरू कॉलोनी में नकबजनी का खुलासा, शातिर चोर गिरफ्तार; चोरी की नकदी और मूर्ति बरामद
Spread the love

देहरादून। दून पुलिस ने नेहरू कॉलोनी क्षेत्र में हुई नकबजनी की घटना का सफल खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई 14,470 रुपये की नकदी, एक मूर्ति और बैग बरामद किया है। आरोपी पूर्व में भी चोरी के मामलों में जेल जा चुका है।

पुलिस के अनुसार, 10 जुलाई 2026 को शिवनारायण विहार, माजरी माफी निवासी राकेश देवली ने थाना नेहरू कॉलोनी में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके बंद मकान का ताला तोड़कर अज्ञात चोर नकदी और मूर्ति चोरी कर ले गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। लगातार प्रयासों के बाद 11 जुलाई की रात मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मोहकमपुर फ्लाईओवर के नीचे से आरोपी हिम्मत खान को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से चोरी की गई नकदी, मूर्ति और बैग बरामद किए गए।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह खानाबदोश प्रवृत्ति का अपराधी है और विभिन्न स्थानों पर घूमकर बंद मकानों को निशाना बनाता है। वह पहले भी डोईवाला में चोरी के मामले में जेल जा चुका है। न्यायालय में पेशी के लिए देहरादून आने के दौरान उसने बंद घरों की रेकी कर इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी के विरुद्ध रायवाला, ऋषिकेश सहित अन्य राज्यों में भी चोरी और अन्य आपराधिक मामलों के मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस उसके विस्तृत आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है।

इस कार्रवाई को चौकी प्रभारी जोगीवाला उपनिरीक्षक गिरीश चंद्र बड़ोनी, कांस्टेबल विपिन सेमवाल, कांस्टेबल प्रदीप सिंह बिष्ट एवं कांस्टेबल नरेंद्र सिंह रावत की टीम ने अंजाम दिया।

देवभूमि खबर

Related articles