₹2500 का इनामी ठग गाज़ियाबाद से गिरफ्तार, करोड़ों की ठगी मामले में पौड़ी पुलिस की बड़ी कार्रवाई

₹2500 का इनामी ठग गाज़ियाबाद से गिरफ्तार, करोड़ों की ठगी मामले में पौड़ी पुलिस की बड़ी कार्रवाई
Spread the love

पौड़ी। बोहरा ग्रामीण विकास निधि लिमिटेड ठगी प्रकरण में फरार चल रहे ₹2500 के इनामी अभियुक्त को पौड़ी पुलिस ने गाज़ियाबाद से गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में अब तक मुख्य आरोपी समेत कुल 6 अभियुक्तों को जेल भेजा जा चुका है।

प्रकरण की शुरुआत 5 सितंबर 2024 को हुई, जब कोटद्वार निवासी यास्मीन ने कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि कंपनी के डायरेक्टर के कहने पर उन्होंने एक वर्ष तक प्रतिदिन ₹100 जमा कर कुल ₹36,500 निवेश किए, लेकिन अवधि पूरी होने के बाद भी धनराशि और ब्याज वापस नहीं मिला। इसके बाद कंपनी संचालकों ने ऑफिस बंद कर दिया।

जांच में सामने आया कि “बोहरा ग्रामीण विकास निधि लिमिटेड” के माध्यम से कई लोगों से धन जमा कर करोड़ों रुपये की ठगी की गई। पुलिस ने पहले ही मुख्य आरोपी दिलीप सिंह बोहरा समेत भीम सिंह, बालकरण, सुरेंद्र सिंह नेगी और सूरजमनी सेमवाल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।

मामले में फरार चल रहे आरोपी प्यारेराम गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी द्वारा ₹2500 का इनाम घोषित किया गया था।

एसएसपी के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और सर्विलांस की मदद से कार्रवाई करते हुए आरोपी को गाज़ियाबाद से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायालय में पेश कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार मामले में बीएनएस की विभिन्न धाराओं और बड्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है। टीम में वरिष्ठ उप निरीक्षक अनिल चौहान, एएसआई एहसान अली (CIU), हेड कांस्टेबल शशिकांत त्यागी और कांस्टेबल चंद्रपाल शामिल रहे।

देवभूमि खबर

Related articles