रेडक्रॉस उत्तराखंड के कोषाध्यक्ष मोहन खत्री का नागथात अस्पताल दौरा, आपदा प्रभावितों को राहत सामग्री वितरित, किया वृक्षारोपण

नागथात। भारतीय रेडक्रॉस समिति उत्तराखंड के कोषाध्यक्ष श्री मोहन खत्री द्वारा रेडक्रॉस अस्पताल नागथात का दौरा किया गया। भ्रमण के दौरान श्री खत्री और रेडक्रॉस कार्यकर्ताओं द्वारा पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से वृक्षारोपण भी किया गया।
इसके साथ ही मानसून काल में उत्पन्न हो रही समस्याओं को ध्यान में रखते हुए आपदा प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री जैसे तिरपाल आदि वितरित की गई। श्री खत्री ने कहा कि रेडक्रॉस समिति एक मानव सेवा के लिए समर्पित संस्था है, जो रक्तदान, स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन, आपदा प्रबंधन, फर्स्ट एड प्रशिक्षण और सरकारी योजनाओं के प्रति लोगों को जागरूक करने जैसे कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रही है।
उन्होंने बताया कि मानसून के दौरान प्रभावित परिवारों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने हेतु राज्य की सभी जिला स्तरीय रेडक्रॉस समितियों को पूर्व में आवश्यक राहत सामग्री भेजी जा चुकी है, ताकि आपात स्थिति में तत्काल राहत दी जा सके।
इस अवसर पर रेडक्रॉस उत्तराखंड से आशीष नेगी, पूर्व प्रधान हुकम सिंह चौहान, राजेंद्र रावत, कविता मंडल सहित नागथात के अनेक ग्रामीण उपस्थित रहे।

