शहीद सुनीत नेगी की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम – शहीद मंगू सिंह वर्मा को भी किया गया नमन

शहीद सुनीत नेगी की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम – शहीद मंगू सिंह वर्मा को भी किया गया नमन
Spread the love

हरिद्वार।कोतवाली गंगनहर के अंतर्गत आज गणेशपुर पुल के समीप स्थित शहीद प्रतिमा स्थल पर निर्बल निर्धन विधि प्रकोष्ठ की ओर से शहीद सुनीत नेगी की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर शहीद सुनीत नेगी और शहीद इंस्पेक्टर मंगू सिंह वर्मा को नमन करते हुए श्रद्धासुमन अर्पित किए गए।

कार्यक्रम में एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोभाल सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, विभिन्न राजनीतिक एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, पुलिस कर्मी, शहीदों के परिजन और स्थानीय जनता बड़ी संख्या में मौजूद रही। सभी ने शहीदों की प्रतिमाओं पर पुष्पमालाएं अर्पित कीं और उनकी वीरता एवं अदम्य साहस के संस्मरण साझा किए।

अपने संबोधन में एसएसपी डोभाल ने कहा कि शहीद सुनीत नेगी (2013) और शहीद मंगू सिंह वर्मा (2000) ने डकैतों व बदमाशों से लोहा लेते हुए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। उन्होंने उत्तराखण्ड पुलिस का मान बढ़ाया है और उनका साहस आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत रहेगा। उन्होंने कहा कि पुलिस बल और आमजन को हमेशा इन वीर सपूतों के बलिदान को याद रखना चाहिए।

गौरतलब है कि वर्ष 2000 में थाना गंगनहर में तैनाती के दौरान बदमाशों से मुठभेड़ में इंस्पेक्टर मंगू सिंह वर्मा शहीद हो गए थे। वहीं, वर्ष 2013 में डकैतों से भिड़ंत के दौरान शहीद सुनीत नेगी ने अपनी जान न्यौछावर की थी। उनकी स्मृति में प्रतिवर्ष यह श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया जाता है। इस वर्ष शहीद मंगू सिंह वर्मा की प्रतिमा भी शहीद स्थल पर स्थापित की गई, जिसे श्रद्धांजलि देकर उनके बलिदान को नमन किया गया।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अपराध जितेन्द्र मेहरा, एएसपी संचार विपिन कुमार, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण शेखर चन्द्र सुयाल, एएसपी/क्षेत्राधिकारी सदर जितेंद्र चौधरी, क्षेत्राधिकारी रूड़की नरेन्द्र पन्त, क्षेत्राधिकारी मंगलौर विवेक कुमार, प्रभारी निरीक्षक गंगनहर आर.के. सकलानी सहित पुलिस अधिकारी-कर्मचारी, राजनीतिक-सामाजिक संगठन और शहीदों के परिजन मौजूद रहे। सभी ने पुष्पांजलि अर्पित कर दोनों शहीदों की शौर्यगाथा को नमन किया और उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि दी।

देवभूमि खबर

Related articles