देहरादून में अवैध रूप से निवास कर रही 02 बांग्लादेशी महिलाएं गिरफ्तार, नियमानुसार किया जाएगा डिपोर्ट

Spread the love

देहरादून। आगामी वीवीआईपी कार्यक्रमों के दृष्टिगत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून द्वारा सभी थाना क्षेत्रों में संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश हेतु सघन चेकिंग एवं सत्यापन अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं।

निर्देशों के अनुपालन में जनपद के समस्त थाना क्षेत्रों में पुलिस द्वारा लगातार प्रभावी चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कोतवाली पटेलनगर क्षेत्रान्तर्गत स्थानीय पुलिस तथा एल.आई.यू. की संयुक्त टीम द्वारा चलाए जा रहे सत्यापन अभियान के दौरान संस्कृति लोक कॉलोनी, पटेलनगर क्षेत्र में दो संदिग्ध महिलाएं पाई गईं।

गहन पूछताछ और तलाशी के दौरान यह तथ्य सामने आया कि दोनों महिलाएं बांग्लादेश की नागरिक हैं और उन्होंने अवैध रूप से सीमा पार कर भारतीय क्षेत्र में प्रवेश किया है। उनके मोबाइल फोन से बांग्लादेशी पहचान पत्र भी बरामद हुए हैं। दोनों के विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही करते हुए नियमानुसार डिपोर्टेशन प्रक्रिया प्रारंभ की जा रही है।

पूछताछ में दोनों महिलाओं ने बताया कि वे अलग-अलग समय पर अवैध रूप से भारत में घुसीं और कुछ समय अलग-अलग स्थानों पर रहने के बाद दिल्ली में मिलीं। इसके बाद दोनों एक साथ देहरादून आईं।

स्वाति उपाध्याय उर्फ मरियम ने बताया कि उसने भारतीय नागरिक धर्मवीर (टैक्सी चालक) से विवाह किया है, जिससे उसकी एक वर्ष की पुत्री है। वह उसी की टैक्सी से दिल्ली से देहरादून आई थी। दूसरी अभियुक्ता शिवली अख्तर उर्फ जॉली उर्फ सना ने सहारनपुर में बढ़ई का कार्य करने वाले सलमान से विवाह किया, जिससे उसका 10 माह का पुत्र है।

एसएसपी देहरादून के निर्देशों पर पूर्व में भी ‘ऑपरेशन कालनेमि’ के अंतर्गत देहरादून पुलिस द्वारा जनपद में अवैध रूप से निवास कर रहे 07 बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार कर डिपोर्ट किया जा चुका है, जबकि 07 अन्य के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत कर उन्हें जेल भेजा गया है।

वर्तमान में गिरफ्तार दोनों बांग्लादेशी महिलाओं के विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई करते हुए उन्हें डिपोर्ट किया जाएगा।

देवभूमि खबर

Related articles