कोटद्वार में 2.93 किलो चरस के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, 6 लाख की बरामदगी

कोटद्वार में 2.93 किलो चरस के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, 6 लाख की बरामदगी
Spread the love

पौड़ी। कोटद्वार पुलिस और सीआईयू की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो तस्करों को कुल 2 किलो 930 ग्राम अवैध चरस के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद चरस की अनुमानित कीमत करीब 6 लाख रुपये बताई जा रही है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार के निर्देश पर जनपद में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार मनोज कुमार ठाकुर एवं क्षेत्राधिकारी निहारिका सेमवाल के निर्देशन में कोतवाली कोटद्वार और सीआईयू टीम ने बेल रोड के पास चेकिंग के दौरान दलजीत सिंह बिष्ट और विजय सिंह को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार दलजीत सिंह के पास से 1 किलो 800 ग्राम तथा विजय सिंह के पास से 1 किलो 130 ग्राम चरस बरामद की गई। दोनों के खिलाफ कोतवाली कोटद्वार में एनडीपीएस एक्ट की धारा 08/20 के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया है।

पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि आर्थिक तंगी और नशे की लत के चलते वे इस अवैध कारोबार में शामिल हुए। वे बागेश्वर से चरस लाकर क्षेत्र में छात्रों और वाहन चालकों को बेचते थे।

पुलिस ने बताया कि दलजीत सिंह का आपराधिक इतिहास भी रहा है। वह पूर्व में भी चरस तस्करी के मामलों में गिरफ्तार हो चुका है और वर्तमान में जमानत पर चल रहा था।

इस कार्रवाई में सीआईयू प्रभारी रंजीत तोमर, उपनिरीक्षक सुशील, उपनिरीक्षक विनोद चपराना, मुख्य आरक्षी शशिकांत त्यागी, आरक्षी आशीष बिष्ट और आरक्षी हरीश शामिल रहे।

देवभूमि खबर

Related articles