बुजुर्ग कर्नल दंपत्ति को झांसा देकर आभूषण ठगने वाला आरोपी गिरफ्तार, दो सोने के कंगन बरामद

बुजुर्ग कर्नल दंपत्ति को झांसा देकर आभूषण ठगने वाला आरोपी गिरफ्तार, दो सोने के कंगन बरामद
Spread the love

हल्द्वानी मुखानी पुलिस ने बुजुर्ग कर्नल दंपत्ति को झांसा देकर सम्मोहित करने और आभूषण ठगने वाले गिरोह के एक शातिर सदस्य को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ठगी गए दो सोने के कंगन भी बरामद किए हैं, जबकि उसके फरार साथी की तलाश जारी है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर अपराधों की रोकथाम और पंजीकृत मामलों के त्वरित अनावरण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल के मार्गदर्शन, सीओ हल्द्वानी अमित कुमार के पर्यवेक्षण और थानाध्यक्ष मुखानी सुशील जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।

पुलिस के अनुसार आकाश इन्क्लेव, लालडाठ विठौरिया निवासी सेवानिवृत्त कर्नल कुंदन सिंह कालाकोटी ने 12 मई 2026 को थाना मुखानी में शिकायत दर्ज कराई थी कि 11 मई को अज्ञात ठग उनके घर पहुंचे और पत्थर एवं आभूषण चमकाने का झांसा देकर उन्हें तथा उनकी पत्नी को भ्रमित कर सोने की चार चूड़ियां, एक चैन पेंडेंट, एक अन्य चैन और एक अंगूठी लेकर फरार हो गए।

शिकायत के आधार पर थाना मुखानी में धारा 318(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की तलाश शुरू की।

12 जून 2026 को सीसीटीवी सर्विलांस और मैनुअल इंटेलिजेंस की मदद से पुलिस ने बाजपुर बस अड्डे पर दबिश देकर एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके काले बैग से कर्नल दंपत्ति से ठगे गए दो सोने के कंगन बरामद किए गए।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान बिहार के कटिहार जिले के लक्ष्मीपुर निवासी 25 वर्षीय राजा कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से पीले धातु के दो कंगन बरामद किए हैं। मामले में फरार आरोपी जितेंद्र साह की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष सुशील जोशी, उपनिरीक्षक सुनील गोस्वामी, कांस्टेबल बलवंत सिंह तथा एसओजी के कांस्टेबल भूपेंद्र जेष्ठा की टीम शामिल रही।

देवभूमि खबर

Related articles