नैनीताल में वाहन प्रवेश शुल्क पर बवाल — जन संघर्ष मोर्चा ने सरकार से की टैक्स मामले में हस्तक्षेप की मांग
नैनीताल। जन संघर्ष मोर्चा अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने नगर पालिका परिषद, नैनीताल द्वारा लगाए गए भारी वाहन प्रवेश शुल्क को जनविरोधी बताते हुए राज्य सरकार से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।
नेगी ने कहा कि नगर पालिका परिषद नैनीताल द्वारा बाहरी पर्यटकों और आमजन से प्रति वाहन ₹300 तथा स्थानीय वाहनों से ₹200 प्रवेश शुल्क वसूला जा रहा है। इतना अधिक टैक्स लगाना पर्यटकों की जेब पर अनावश्यक बोझ डालने जैसा है। इसके अलावा, यदि कोई वाहन दिन में कई बार पालिका सीमा में प्रवेश करता है तो हर बार शुल्क चुकाना पड़ रहा है, जो आम जनता के साथ अन्यायपूर्ण है।
उन्होंने बताया कि सूत्रों के अनुसार यह टैक्स वृद्धि माननीय उच्च न्यायालय के निर्देशों के क्रम में की गई है, किंतु सरकार को इस मामले में जनहित में रिव्यू या अपील दायर करनी चाहिए थी, जो संभवतः नहीं की गई।
मोर्चा अध्यक्ष ने कहा कि पहले प्रति वाहन ₹100 शुल्क लिया जाता था, किंतु अब अचानक ₹300 कर देना अनुचित है। टैक्स लेना जरूरी हो सकता है, लेकिन यह मुनासिब होना चाहिए। उन्होंने कहा कि मोर्चा शहरी विकास विभाग से भी इस बात का जवाब मांगेगा कि आखिर इतना टैक्स किस आधार पर बढ़ाया गया और टैक्स वृद्धि के लिए कौन-से मापदंड अपनाए गए।
रघुनाथ सिंह नेगी ने सरकार से मांग की है कि नैनीताल पालिका परिषद द्वारा उच्च न्यायालय के निर्देशों के क्रम में की गई टैक्स वृद्धि की समीक्षा की जाए और जनता के हित में इसे तत्काल कम किया जाए।

