थराली में नाबालिग से छेड़छाड़ का मामला -सेना कैंटीन के हवलदार के विरुद्ध POCSO व BNS धाराओं में मुकदमा दर्ज, आरोपी गिरफ्तार

थराली में नाबालिग से छेड़छाड़ का मामला -सेना कैंटीन के हवलदार के विरुद्ध POCSO व BNS धाराओं में मुकदमा दर्ज, आरोपी गिरफ्तार
Spread the love

थराली। जनपद चमोली पुलिस ने बाल यौन अपराधों के प्रति ज़ीरो टॉलरेंस की नीति पर त्वरित कार्रवाई करते हुए थराली क्षेत्र में नाबालिग से छेड़छाड़ के आरोपी सेना कैंटीन के हवलदार को गिरफ्तार कर लिया है।

दिनांक 05 अक्टूबर 2025 को थाना थराली में वादिनी द्वारा दी गई लिखित तहरीर में आरोप लगाया गया कि उनकी नाबालिग पुत्री के साथ आर्मी कैंटीन थराली में कार्यरत एक हवलदार ने गलत नियत से अनुचित आचरण किया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल संज्ञान लेते हुए आरोपी के विरुद्ध अभियोग संख्या 26/2025 अंतर्गत धारा 74 भारतीय न्याय संहिता (BNS) और धारा 7/8 POCSO Act के तहत मुकदमा दर्ज किया।

थाना थराली पुलिस ने त्वरित दबिश देकर आरोपी हवलदार रविन्द्र कुमार नाथ, हाल तैनाती आर्मी कैंटीन थराली को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी से पूछताछ जारी है और उसे शीघ्र ही न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।

मामले की विवेचना उपनिरीक्षक सुधा बिष्ट को सौंपी गई है, जो पुलिस अधीक्षक चमोली महोदय के निर्देशानुसार विधिक प्रक्रिया के तहत साक्ष्य संकलन, गवाहों के बयान और पीड़िता का चिकित्सकीय परीक्षण करवा रही हैं।

चमोली पुलिस ने कहा है कि बाल यौन अपराधों के मामलों में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आरोपी चाहे किसी भी संस्था या पद से जुड़ा हो, उसके विरुद्ध कानून के अनुसार कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

पुलिस ने यह भी आश्वासन दिया है कि पीड़िता की सुरक्षा, निजता और त्वरित न्याय उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। पीड़ित परिवार को आवश्यक कानूनी सहायता एवं परामर्श भी उपलब्ध कराया जा रहा है।

देवभूमि खबर

Related articles