उत्तराखंड भाजपा को सफाई अभियान चलाने की जरूरत: दसौनी

उत्तराखंड भाजपा को सफाई अभियान चलाने की जरूरत: दसौनी
Spread the love

देहरादून: उत्तराखंड कांग्रेस की मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी ने राज्य की भाजपा इकाई पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि पार्टी का वर्तमान समय बेहद चुनौतीपूर्ण और शर्मनाक दौर से गुजर रहा है। उन्होंने सुझाव दिया कि भारतीय जनता पार्टी को सदस्यता अभियान के बजाय सफाई अभियान शुरू करना चाहिए, ताकि पार्टी में फैले भ्रष्टाचार और अनैतिक गतिविधियों का सफाया हो सके।

दसौनी ने आरोप लगाया कि भाजपा नेता और कार्यकर्ता सार्वजनिक रूप से लोगों का सामना नहीं कर पा रहे हैं, क्योंकि पार्टी के नेताओं पर एक के बाद एक गंभीर आरोप लग रहे हैं। इस संदर्भ में उन्होंने सबसे पहले काबीना मंत्री गणेश जोशी का जिक्र किया, जिन पर आय से अधिक संपत्ति के गंभीर आरोप हैं। उन्होंने कहा कि इस मामले के चलते भाजपा को कड़ी आलोचना का सामना करना पड़ रहा है।

इसके अलावा, लालकुआं दुग्ध संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा पर महिला के साथ दुष्कर्म के आरोप लगे हैं, जिसके चलते पोक्सो एक्ट के तहत उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है। बोरा की संपत्तियों की कुर्की हो चुकी है और वह पुलिस से छिपते फिर रहे हैं। इसी प्रकार, सल्ट और चंपावत के भाजपा मंडल अध्यक्ष भी दुष्कर्म के मामलों में गिरफ्तार हो चुके हैं।

दसौनी ने हरिद्वार बहादराबाद के ओबीसी प्रकोष्ठ के सदस्य आदित्य राज सैनी का भी उल्लेख किया, जिन पर 13 वर्षीय बच्ची के साथ गैंगरेप और हत्या का मुकदमा चल रहा है। उन्होंने बताया कि रानीखेत के भाजपा विधायक प्रमोद नैनवाल के भाई सतीश नैनवाल को जिंदा कारतूसों की तस्करी के आरोप में भारत-नेपाल बॉर्डर पर गिरफ्तार किया गया।

इसके अलावा, दसौनी ने हाल ही में चमोली जिले में भाजपा युवा मोर्चा के कोषाध्यक्ष प्रीतम नेगी की गिरफ्तारी का जिक्र किया, जो चमोली दुग्ध संघ के पूर्व अध्यक्ष धन सिंह नेगी का बेटा है। प्रीतम पर लोगों से नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये ठगने और फर्जी नियुक्ति पत्र देने का आरोप है।

दसौनी ने कहा कि इन सभी मामलों में भाजपा नेताओं की संलिप्तता पार्टी की छवि को बुरी तरह से धूमिल कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा के प्रवक्ता अब टीवी डिबेट में कुछ कहने लायक नहीं बचे हैं, और प्रदेश अध्यक्ष भी इन घटनाओं का कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पा रहे हैं।

अंत में, दसौनी ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष को नसीहत देते हुए कहा कि पार्टी को सदस्यता अभियान के बजाय अपने कार्यकर्ताओं और नेताओं को नैतिकता और राजनीतिक शुचिता का पाठ पढ़ाना चाहिए।

देवभूमि खबर

Related articles