राज्य औषधीय पादप बोर्ड के उपाध्यक्ष श्री प्रताप सिंह पंवार और ऐश्वर्या रावत ने (कैप)सेलाकुई में “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत हरेला पर्व पर किया चन्दन वृक्षारोपण

देहरादून। सगंध पौधा केन्द्र (कैप), सेलाकुई, देहरादून में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत उत्तराखण्ड के लोकपर्व हरेला के अवसर पर चन्दन वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर चन्दन के पौधे रोपित कर पर्यावरण संरक्षण एवं सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति संकल्प व्यक्त किया गया।
कार्यक्रम में राज्य औषधीय पादप बोर्ड के उपाध्यक्ष श्री प्रताप सिंह पंवार एवं राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष सुश्री ऐश्वर्या रावत ने चन्दन का पौधा लगाकर कहा कि यह पर्व उत्तराखण्ड की सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक है और यह अभियान हमारी देवभूमि और प्रकृति के प्रति समर्पण को दर्शाता है।
भाजपा महानगर मंत्री श्री राजेश काम्बोज ने भी पौधरोपण में भाग लिया।
कैप निदेशक एवं राज्य औषधीय पादप बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. नृपेन्द्र चौहान ने चन्दन के पौधे का पर्यावरणीय, सुगंधित व व्यवसायिक महत्व बताया और कहा कि यह पौधा न केवल वातावरण को शुद्ध करता है, बल्कि इसकी व्यवसायिक उपयोगिता भी अपार है।
कार्यक्रम में कैप की वैज्ञानिक सलाहकार डॉ. हेमा लोहनी ने भी पौधरोपण करते हुए कहा कि हरेला केवल एक पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति से जुड़ाव और हमारी जिम्मेदारियों की याद दिलाने वाला उत्सव है।
इस अवसर पर कैप के वैज्ञानिकों, तकनीकी अधिकारियों, कार्मिकों एवं अनुसंधान स्टाफ ने भी चन्दन के पौधे रोपित कर उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई।

