दून को भिक्षावृत्ति मुक्त बनाने की दिशा में डीएम बंसल की महत्वपूर्ण पहल,लिप्त लोगों को प्रशिक्षण देकर रोजगार से जोड़ने की योजना
देहरादून । दून को भिक्षावृत्ति मुक्त बनाने की दिशा में जिला प्रशासन ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। डीएम सविन बंसल के नेतृत्व में प्रशासन ने बैगर्स कॉरपोरेशन लिमिटेड के साथ एक एमओयू (समझौता ज्ञापन) किया है। इस पहल का उद्देश्य भिक्षावृत्ति में लिप्त व्यस्कों को कौशल प्रशिक्षण देकर उन्हें रोजगार और उद्यमिता से जोड़ना है। मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) और जिला समाज कल्याण अधिकारी पिछले तीन महीनों से इस प्रोजेक्ट पर कार्य कर रहे थे, जिसे अब धरातल पर उतार दिया गया है। जिलाधिकारी स्वयं इस अभियान की निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि देहरादून को भिक्षावृत्तिमुक्त बनाने में जिला प्रशासन पूरी तरह से प्रतिबद्ध है और इस अभियान में बैगर्स कॉरपोरेशन की भूमिका अहम होगी।
इस प्रोजेक्ट के तहत भिक्षावृत्ति में लिप्त व्यक्तियों की पहचान की जाएगी और उन्हें प्रशिक्षण केंद्रों में भर्ती किया जाएगा। वहां उनकी क्षमताओं का आकलन कर उन्हें विभिन्न व्यवसायों के लिए प्रशिक्षित किया जाएगा। प्रमुख प्रशिक्षण कार्यक्रमों में सिलाई एवं कपड़ा निर्माण, भोजन तैयार करना एवं फूड प्रोसेसिंग, हस्तशिल्प एवं कारीगरी शामिल हैं। इसके अलावा, प्रशिक्षित लोगों को व्यवसाय सेटअप, विपणन, वित्तीय प्रबंधन, और उत्पाद विकास में मार्गदर्शन दिया जाएगा। उनकी बनाई गई वस्तुओं को होटलों, दुकानों और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से बाजार तक पहुंचाने की योजना भी बनाई गई है।
बैगर्स कॉरपोरेशन उन व्यक्तियों को स्टार्टअप फंडिंग और माइक्रो-लोन की सुविधा प्रदान करेगा, ताकि वे अपना व्यवसाय शुरू कर सकें। इस अभियान के तहत भिक्षावृत्ति में संलिप्त लोगों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए उन्हें आर्थिक सहायता भी दी जाएगी। बैगर्स कॉरपोरेशन के सीईओ चंद्र मिश्रा ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि डीएम देहरादून के प्रयासों से प्रेरित होकर उन्होंने जिला प्रशासन के साथ काम करने का निर्णय लिया। देश के विभिन्न कोनों से जुड़े बैगर्स कॉरपोरेशन के सदस्यों ने भी इस अभिनव प्रयास की प्रशंसा की।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, मुख्य शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार ढौंडियाल, जिला समाज कल्याण अधिकारी पूनम चमोली, बैगर्स कॉरपोरेशन लिमिटेड के सीईओ चंद्र मिश्रा और उनके सहयोगी मुकेश कुमार सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।


