दम तोड़ते मरीजों को आईसीयू/वेंटिलेटर सुविधा कब मिलेगी सरकार? : रघुनाथ सिंह नेगी
विकासनगर। प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाल स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए जन संघर्ष मोर्चा अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने कहा कि सरकारी और निजी नामी अस्पतालों में आपातकालीन समय में आईसीयू/वेंटिलेटर उपलब्ध न होने के कारण मरीजों की जान पर बन आती है।
नेगी ने पत्रकार वार्ता में कहा कि परिजन मरीज को लेकर अस्पताल-दर-अस्पताल भटकते रहते हैं, लेकिन सुविधाओं के अभाव में उन्हें निराशा हाथ लगती है। स्वास्थ्य मंत्री आमजन की समस्याओं से बेखबर बने हुए हैं, जिससे मरीज और तीमारदारों की चिंता और बढ़ गई है।
उन्होंने कहा कि कोरोना काल के बाद मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है, मौतें हो रही हैं, लेकिन स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की दिशा में कोई कदम नहीं उठाया जा रहा। आईसीयू और वेंटिलेटर की भारी कमी के चलते हालात गंभीर बने हुए हैं।
नेगी ने सवाल उठाया कि बढ़ती मरीज संख्या को देखते हुए अस्पतालों का इंफ्रास्ट्रक्चर क्यों नहीं बढ़ाया जा रहा? उन्होंने सरकार को नसीहत दी कि मंदिर-मस्जिद और अन्य मुद्दों से ऊपर उठकर अस्पतालों को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने और नए बड़े अस्पताल खोलने पर ध्यान दिया जाए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि मोर्चा शीघ्र ही इस दिशा में आंदोलन करेगा।
पत्रकार वार्ता में भीम सिंह बिष्ट और अमित जैन भी उपस्थित रहे।

