हरित चारधाम यात्रा को लेकर कार्यशाला आयोजित, खाद्य सुरक्षा मानकों का होगा कड़ाई से अनुपालन

हरित चारधाम यात्रा को लेकर कार्यशाला आयोजित, खाद्य सुरक्षा मानकों का होगा कड़ाई से अनुपालन
Spread the love

रूद्रप्रयाग।जनपद में हरित चारधाम यात्रा 2025 के अंतर्गत ईट राइट इंडिया अभियान के तहत एक महत्वपूर्ण कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में खाद्य कारोबारकर्ताओं को जागरूक करने के लिए विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। मुख्य रूप से उपयोग किए गए कुकिंग ऑयल (RUCO), खाद्य अपशिष्ट प्रबंधन, सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग में कमी लाने तथा कुट्टू के आटे में मिलावट रोकथाम को लेकर विचार-विमर्श किया गया। इसके साथ ही होटल एवं रेस्तरां संचालकों को खाद्य सुरक्षा से जुड़े नियमों और सरकार द्वारा जारी गाइडलाइनों के अनुपालन के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

इस कार्यशाला में जनपद के होटल, रेस्तरां और खाद्य कारोबार से जुड़े व्यापारियों की भागीदारी रही। कार्यशाला में खाद्य अपशिष्ट प्रबंधन और सिंगल यूज प्लास्टिक के निषेध जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने इस दौरान खाद्य कारोबारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि यात्रा काल में खाद्य सुरक्षा संबंधी सभी सरकारी गाइडलाइनों का गंभीरता से पालन किया जाए।

बैठक में उपायुक्त (मुख्यालय) एवं स्टेट नोडल ऑफिसर “ईट राइट इंडिया” जी.सी. कंडवाल ने स्पष्ट किया कि यात्रा सीजन के दौरान खाद्य आपूर्ति से जुड़े सभी व्यापारियों को सरकार द्वारा जारी निर्देशों का सख्ती से पालन करना अनिवार्य होगा। खाद्य पदार्थों में किसी भी प्रकार की मिलावट न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि इन दिनों नवरात्रों का समय है, इस दौरान लोग कुट्टू के आटे का उपयोग करते हैं, इसलिए सभी व्यापारी कुट्टू के आटे में मिलावट को रोकने के लिए सतर्क रहें। कुट्टू के आटे को देखभाल कर ही खरीदें, जिससे आम नागरिकों को कोई दिक्कत ना हो। इसके साथ ही, होटल और रेस्तरां संचालकों को हाइजीन मानकों का पालन करने की सख्त हिदायत दी गई।

हरित चारधाम यात्रा 2025 को सफल बनाने के लिए जिला अभिहित अधिकारी रुद्रप्रयाग मनोज कुमार सेमवाल ने बताया कि प्रशासन द्वारा होटल एवं खाद्य कारोबारियों को जागरूक किया जा रहा है। प्लास्टिक कचरे को कम करने के लिए जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे, जिससे यात्रा मार्गों को स्वच्छ और सुरक्षित बनाया जा सके। इस कार्यशाला का उद्देश्य पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखना और यात्रा को अधिक सुरक्षित एवं स्वच्छ बनाना है।

आज आयोजित कार्यशाला में उपस्थित पुलिस उपाधीक्षक गुप्तकाशी प्रबोध कुमार घिल्डियाल ने कहा कि चारधाम यात्रा सहित आम जनमानस की सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस प्रशासन निरंतर कार्य कर रहा है। निकट भविष्य में यदि किसी भी स्तर पर खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन होता है या किसी भी प्रकार से मानव जीवन के खतरे में आने की संभावना बनती है, तो पुलिस के स्तर से वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने हाल ही में देहरादून में कुट्टू के आटे के सेवन से लोगों के बीमार पड़ने की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि जनपद पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए आम जनता को जागरूक किया गया और कुट्टू के आटे के विक्रय पर नजर रखी गई। हालांकि, जनपद रुद्रप्रयाग में इस तरह का खतरा सामने नहीं आया है, फिर भी सतर्कता बरतना आवश्यक है।

इस कार्यशाला में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों एवं प्रतिनिधियों ने भाग लिया, जिनमें एसीएमओ डॉ. आशुतोष, पुलिस उपाधीक्षक प्रबोध घिल्डियाल, जिला उद्योग व्यापार मंडल के महामंत्री चंद्रमोहन सेमवाल, कोषाध्यक्ष राजेश नेगी, होटल एसोसिएशन रुद्रप्रयाग के अध्यक्ष हेमपाल भंडारी तथा बदरी-केदार मंदिर समिति के सदस्य सहित जनपद के प्रमुख खाद्य कारोबारी उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles